खेलछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्य

मुंगेली के कृष्णा यादव और मयंक कश्यप का शालेय राज्यस्तरीय अंडर-14 क्रिकेट में चयन

सन राईस क्रिकेट सोसायटी के खिलाड़ियों ने बढ़ाया मुंगेली का मान, चयन पर खेलप्रेमियों ने दी शुभकामनाएं

अभय न्यूज मुंगेली।18 अगस्त 26।

जिले के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंगेली का नाम रोशन किया है। जलेश यादव एवं सहयोगियों के मार्गदर्शन में संचालित सन राईस क्रिकेट सोसायटी मुंगेली के प्रतिभावान खिलाड़ी कृष्णा यादव एवं मयंक कश्यप का चयन शालेय राज्यस्तरीय अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए हुआ है। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन गौरेला-पेंड्रा में किया जाएगा।

कृष्णा यादव एवं मयंक कश्यप ने नियमित अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। दोनों खिलाड़ियों के चयन से उनके परिवार, प्रशिक्षकों, साथी खिलाड़ियों सहित पूरे मुंगेली जिले में हर्ष का माहौल है। उनके चयन को जिले की क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

खिलाड़ियों के चयन पर जिला कलेक्टर कुन्दन कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. खरे, जिला खेल अधिकारी संजय पाल, विजय वर्मा, स्कूल कोच किशन डहरिया, नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, उपाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्रा, सीएमओ होरी सिंह ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय सहित नगर के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, खेलप्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों खिलाड़ियों को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

सन राईस क्रिकेट सोसायटी के कोच जलेश यादव, सदस्य राजेश सोनी, राहुल वाधवा, श्रवण जायसवाल, अनिल दुबे, रामानंद पटेल, प्रभात, घनश्याम वर्मा, वीरेन्द्र जायसवाल, गणेश यादव सहित अकादमी से जुड़े सभी सदस्यों एवं खिलाड़ियों ने भी कृष्णा यादव और मयंक कश्यप के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

बारहों महीने कराया जाता है क्रिकेट का प्रशिक्षण

सन राईस क्रिकेट सोसायटी मुंगेली की विशेषता है कि यहां खिलाड़ियों को पूरे वर्ष नियमित क्रिकेट प्रशिक्षण एवं अभ्यास कराया जाता है। अकादमी का उद्देश्य मुंगेली जिले की ग्रामीण एवं शहरी प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराकर उन्हें जिला, संभाग, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।

अकादमी की ओर से बालिकाओं एवं दिव्यांग खिलाड़ियों को निःशुल्क क्रिकेट प्रशिक्षण भी दिया जाता है। इस पहल से खेल के क्षेत्र में अधिक से अधिक प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिल रहा है।

सन राईस क्रिकेट सोसायटी के संचालक एवं कोच जलेश यादव ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे निरंतर अभ्यास, मेहनत और अनुशासन के साथ-साथ अभिभावकों, खेलप्रेमियों एवं अकादमी से जुड़े सभी सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि कृष्णा यादव और मयंक कश्यप का राज्यस्तरीय टीम के लिए चयन अन्य युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सन राईस क्रिकेट सोसायटी मुंगेली में भविष्य में भी जिले की प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button