छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराजनीतीराज्य

राम मंदिर ट्रस्ट की वित्तीय पारदर्शिता पर कांग्रेस के सवाल, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग

मुंगेली में कांग्रेस की पत्रकार वार्ता, दान राशि, वित्तीय लेन-देन और कथित अनियमितताओं पर उठाए सवाल

अभय न्यूज मुंगेली।16 जुलाई 2026।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली द्वारा स्थानीय सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता आयोजित कर अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय प्रबंधन, दान राशि के उपयोग एवं कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए गए। कांग्रेस नेताओं ने पूरे मामले की सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने तथा ट्रस्ट के आय-व्यय का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बिलासपुर के पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं मुंगेली जिला प्रभारी विजय केशरवानी ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और राम मंदिर निर्माण के लिए देशभर के श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक दान दिया है। ऐसे में यदि ट्रस्ट के वित्तीय प्रबंधन, जमीन सौदों या खर्चों को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो उनकी निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच होना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस किसी धार्मिक आस्था का विरोध नहीं कर रही, बल्कि श्रद्धालुओं के धन के उपयोग में पूरी पारदर्शिता चाहती है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने पत्रकार वार्ता में तीन प्रमुख सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि ट्रस्ट का संचालन उच्च स्तर की निगरानी में हुआ है तो कथित अनियमितताओं की जवाबदेही किसकी होगी। यदि सभी प्रक्रियाएं नियमों के अनुरूप हुई हैं तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई अथवा इस्तीफे जैसी स्थिति क्यों बनी। साथ ही उन्होंने पूछा कि यदि कोई गड़बड़ी नहीं हुई है तो सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने में आपत्ति क्यों है।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि ट्रस्ट के आय-व्यय, प्राप्त कुल दान राशि, उसके उपयोग तथा प्रशासनिक निर्णयों से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं। साथ ही प्रधानमंत्री से भी इस विषय पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई।पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमेंद्र गोस्वामी ने कहा कि उन्होंने स्वयं राम मंदिर निर्माण के लिए 51 हजार रुपये का दान दिया था। उन्होंने कहा कि चढ़ावे की चोरी और वित्तीय विसंगतियों से जुड़ी खबरों से उनकी तथा करोड़ों रामभक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी सार्वजनिक संस्था अथवा जनधन से जुड़े ट्रस्ट के वित्तीय कार्यों पर सवाल उठना सामान्य प्रक्रिया है। यदि आरोप लगे हैं तो उनका तथ्यों के आधार पर जवाब देना और निष्पक्ष जांच कराना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करेगा।

पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा, संजीत बनर्जी, थानेश्वर साहू, नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, हेमेंद्र गोस्वामी, दीपक गुप्ता, श्याम जायसवाल, दिलीप बंजारा, मनीष त्रिपाठी, संजय यादव, नरेश पाटले, संजय जायसवाल, नीरज यादव, श्रीनिवास ठाकुर, उमेश सोनी, मुकेश साहू, रमेश राजपूत, त्रिलोकी वर्मा, टेकराम सोनवानी, वहाब खान, विष्णु खांडे, उर्मिला यादव, अनीता विश्वकर्मा, मंजू शर्मा, ललिता सोनी, वैशाली सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button