जिला प्रशासन का अतिक्रमण मुक्त अभियान दूसरे दिन भी जारी हटा अवैध कब्जा
व्यापारियों ने स्वेच्छा से खाली की जगह, आम जनता को जाम से मिलेगी मुक्ति

अभय न्यूज मुंगेली,
कलेक्टर कुंदन कुमार के कुशल मार्गदर्शन और कड़े निर्देशों के बाद शहर को सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए चलाया जा रहा ‘अतिक्रमण मुक्त अभियान’ जिला प्रशासन द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। अभियान के दूसरे चरण में आज दाऊपारा चौक से लेकर लोरमी मार्ग एवं सर्किट हाउस चौक तक प्रशासन की टीम ने जेसीबी मशीन के माध्यम से ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जों को हटाया।
कार्रवाई के दौरान कई व्यापारियों और दुकानदारों ने प्रशासन का सहयोग करते हुए स्वेच्छा से अपनी दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण को हटाया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने, आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाने तथा फुटपाथों को सुगम बनाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
अतिक्रमण हटने से सड़कें चौड़ी दिखाई देने लगी हैं, जिससे आम लोगों ने राहत महसूस की है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से मुख्य मार्गों पर अवैध कब्जों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था और लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता था।
जिम्मेदार अधिकारियों का क्या है कहना
- ADM निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने कहा कि –
“शहर का विकास और आम जनता को सुगम यातायात देना हमारी पहली प्राथमिकता है। कलेक्टर महोदय के निर्देशानुसार यह अभियान चलाया जा रहा है। सबसे अच्छी बात यह रही कि शहर के प्रबुद्ध नागरिकों और व्यापारियों ने प्रशासन का पूरा सहयोग किया। हम शहर को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त बनाकर ही दम लेंगे।”
- SDM अजय शतरंज ने कहा कि –
“यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए सड़कों का चौड़ा होना बेहद जरूरी है। दाऊपारा से लोरमी मार्ग तक जो कार्रवाई हुई है, उससे जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी। जिन लोगों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाया है,हम उनका आभार व्यक्त करते हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद है।”
- तहसीलदार कुणाल पाण्डेय ने कहा कि –
“नजूल और राजस्व विभाग की टीम लगातार जमीनी पैमाइश कर रही है। किसी भी वैध निर्माण को नुकसान नहीं पहुंचाया जा रहा है,केवल सरकारी जमीन और सड़क को बाधित करने वाले अवैध ढांचों को ही हटाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
- नगर पालिका सीएमओ होरी सिंह ठाकुर ने कहा कि –
“नगर पालिका की टीम सफाई और मलबे को हटाने के काम में लगी हुई है। हमारा उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं,बल्कि शहर को सुंदर बनाना भी है। व्यापारियों से अपील है कि वे दोबारा सड़कों पर सामान न फैलाएं। यह अभियान अभी थमेगा नहीं,बल्कि आगे भी सतत जारी रहेगा।”
- आगे भी जारी रहेगा अभियान
जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यह कार्रवाई किसी एक दिन या दो दिन के लिए नहीं है। शहर के अन्य प्रमुख मार्गों,रिहायशी इलाकों और मुख्य बाजारों को भी चिन्हित कर लिया गया है। आने वाले दिनों में यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि मुंगेली को एक स्वच्छ,सुंदर और जाम-मुक्त शहर बनाया जा सके।
इस दौरान नगर पालिका इंजीनियर विद्यानंद मधुकर यादव,पटवारी आशीष क्षत्रिय सहित अन्य विभाग के अधिकारी,कर्मचारी उपस्थित रहे।