मुंगेली में पेट्रोल-डीजल को लेकर बढ़ी हलचल, प्रशासन ने कहा – घबराने की जरूरत नहीं, आपूर्ति पूरी तरह सामान्य

अभय न्यूज मुंगेली,
जिले में पेट्रोल-डीजल को लेकर लोगों के बीच अचानक हलचल बढ़ गई है। कई पेट्रोल पंपों पर मोटरसाइकिल एवं वाहनों की भीड़ देखने को मिली।ग्रामीण क्षेत्रों में इसको लेकर अधिक उत्सुकता देखने को मिल रही है। बड़ी मात्रा में पेट्रोल-डीजल का भंडारण करने की होड़ मची हुई है। आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से ईंधन जमा कर रहे हैं, जिससे कालाबाजारी के हालात बन सकते हैं। इस तरह की गतिविधियों से न केवल बाजार व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी खतरा बढ़ गया है। घरों और असुरक्षित स्थानों पर पेट्रोल-डीजल का भंडारण किसी अनहोनी को भी जन्म दे सकता है।
इस बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है तथा किसी प्रकार की कमी नहीं है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार कुछ अफवाहों के कारण लोग अधिक मात्रा में ईंधन भरवाने पहुंच रहे हैं, जबकि सप्लाई पूरी तरह सामान्य रूप से जारी है। जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर नियमित रूप से पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से भीड़ न लगाएं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि ईंधन की सप्लाई बाधित नहीं है तथा स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
