
अभय न्यूज मुंगेली,
केंद्रीय बजट को लेकर कांग्रेस नेता अशोक चंद्राकर, पूर्व जनपद सदस्य लोरमी एवं बजरंग ट्रैक्टर, मुंगेली के संचालक, ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह बजट आम जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा नहीं उतरता, खासकर किसान, युवा और ग्रामीण अंचल के लोगों को इससे बड़ी राहत नहीं मिली है।
अशोक चंद्राकर ने कहा कि देश की बड़ी आबादी आज भी खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर निर्भर है, लेकिन बजट में किसानों की आय बढ़ाने, फसल के उचित दाम, खाद-बीज की कीमतों में राहत और सिंचाई सुविधाओं के लिए ठोस प्रावधान नजर नहीं आते। उन्होंने कहा कि महंगाई के इस दौर में किसानों और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त बोझ बढ़ने की आशंका है।
युवाओं के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन को लेकर बजट में केवल घोषणाएं हैं, जमीनी स्तर पर ठोस योजना का अभाव दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों और ग्रामीण उद्यमों को मजबूत करने के लिए विशेष पैकेज की जरूरत थी, जो इस बजट में नहीं दिखा।
कांग्रेस नेता ने कहा कि बजट में ग्रामीण विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों को और अधिक प्राथमिकता दी जानी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बड़े उद्योगपतियों को राहत देने पर ज्यादा फोकस कर रही है, जबकि आम जनता की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
अशोक चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों, युवाओं और आम नागरिकों के हितों की लड़ाई आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी और जनता की आवाज को हर मंच पर उठाया जाएगा।
