स्काउट गाइड जिला संघ ने किया नए जिला शिक्षा अधिकारी का सम्मान; हर शनिवार स्कूलों में अनिवार्य रूप से होंगी गतिविधियां

अभय न्यूज मुंगेली,22 सितंबर 2026।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ मुंगेली के पदाधिकारियों द्वारा जिले के नव-पदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) और पदेन जिला आयुक्त डॉ. एम. एल. पटेल का आत्मीय स्वागत व सम्मान किया गया। सभी पदाधिकारियों के परिचय के उपरांत जिला शिक्षा अधिकारी के कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन की मजबूती और गतिविधियों के विस्तार को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।
शनिवार को स्कूलों में अनिवार्य होंगी स्काउट गाइड गतिविधियां
बैठक के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. एम. एल. पटेल ने छत्तीसगढ़ शासन के माननीय शिक्षा मंत्री के निर्देशों का हवाला देते हुए बड़ा फैसला सुनाया। उन्होंने कहा कि अब जिले की सभी प्राथमिक शालाओं से लेकर हायर सेकेंडरी स्कूलों तक प्रत्येक शनिवार को स्काउट गाइड की गतिविधियां अनिवार्य रूप से संचालित की जाएंगी। इसके तहत प्राथमिक शालाओं में ‘कब-बुलबुल’ और पूर्व माध्यमिक से लेकर हायर सेकेंडरी स्तर तक ‘स्काउट-गाइड’ की गतिविधियां चलाई जाएंगी।

नवीन प्रशिक्षण केंद्र और नियुक्तियों पर विशेष चर्चा
बैठक में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ मुंगेली के नवीन प्रशिक्षण केंद्र को जल्द से जल्द उपयोग में लाने और वहां बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष कार्ययोजना बनाई गई। इसके साथ ही जिला संघ की कार्यकारिणी में रिक्त पड़े पदों पर बिना किसी देरी के नई नियुक्तियां करने के संबंध में भी गंभीर चर्चा हुई। इन सभी विषयों को धरातल पर उतारने के लिए जल्द ही जिले के समस्त प्राचार्यों और स्काउटर-गाइटर के साथ एक आवश्यक बैठक बुलाई जाएगी।
बैठक में ये पदाधिकारी रहे उपस्थित
इस गरिमामयी सम्मान समारोह और बैठक के अवसर पर मुख्य रूप से जिला संघ के अध्यक्ष जेठमल कोटड़िया, जिला मुख्य आयुक्त राणा प्रताप सिंह ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष संजय त्रिपाठी, शैलेंद्र तिवारी व रामशरण यादव उपस्थित रहे। इनके साथ ही जिला कोषाध्यक्ष संतोष कुमार यादव, जिला मुख्यालय आयुक्त अशोक सोनी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त राजेंद्र दिवाकर, जिला सचिव व जिला संगठन आयुक्त मोनू बेलदार तथा जिला संगठन आयुक्त (गाइड) सृष्टि शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।