उपमुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में मुंगेली में निकली पदयात्रा, कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर साधा निशाना

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा एवं सभा संपन्न
अभय न्यूजमुंगेली ,02 नवंबर2026।
भारतीय जनता पार्टी जिला मुंगेली के तत्वावधान में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में आदर्श कृषि उपज मंडी मुंगेली में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत विशाल सभा एवं पदयात्रा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं जिले के 11 मंडलों से पहुंचे बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।पदयात्रा कृषि उपज मंडी से प्रारंभ होकर महाराणा प्रताप चौक, माता परमेश्वरी चौक, नंदी चौक एवं शहीद हेमू कालाणी चौक होते हुए पुनः कृषि उपज मंडी पहुंची।

पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान और जनजागरण का संदेश दिया। इस कार्यक्रम के मुख्यवक्ता उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा वक्ता के रूप में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक व मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले रहे।
कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में संभाग प्रभारी रामू रोहरा, जिला प्रभारी ज्योतिनंद दुबे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष रामकमल सिंह, जनपद पंचायत लोरमी अध्यक्ष श्रीमती वर्षा विक्रम सिंह, लोरमी नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, नगर पालिका मुंगेली उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, गिरीश शुक्ला, नरेंद्र शर्मा, शैलष पाठक, कोमल गिरी गोस्वामी,प्रेम आर्य, शांति देवचरण भास्कर एवं लोकनाथ सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नेता तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर भाजपा जिला मुंगेली के सभी 11 मंडलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता रही।

कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव का निशाना
सभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि इंडिया गठबंधन लगातार चुनावी प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। पहले ईवीएम पर सवाल उठाए गए, फिर संविधान खतरे में होने की बात कही गई, इसके बाद एसआईआर प्रक्रिया का विरोध किया गया और अब निर्वाचन आयोग पर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वास्तव में विपक्ष की परेशानी यह है कि जनता चुनावों में उन्हें अपेक्षित समर्थन नहीं दे रही है। जनता का विश्वास जीतने के बजाय अलग-अलग मुद्दों के माध्यम से भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
2029 की तैयारी में जुटा भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता : धरमलाल कौशिक
वरिष्ठ भाजपा नेता धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2029 के लक्ष्य को लेकर भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता तैयारी में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन लोकतंत्र बचाने की बात तो करता है, लेकिन भाजपा का आरोप है कि वह जनादेश से चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने के लिए विभिन्न राजनीतिक हथकंडे अपना रहा है। लोकतंत्र की वास्तविक ताकत जनता का जनादेश है और उसका सम्मान करना प्रत्येक राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है।

संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान ही लोकतंत्र की रक्षा : पुन्नूलाल मोहले
मुंगेली विधायक एवं पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता के सामने तथ्यों और वास्तविक परिस्थितियों को रखना तथा कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन द्वारा उठाए जा रहे सवालों के संदर्भ में जनजागरण करना है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास और जनादेश सर्वोपरि होता है। जिस चुनावी प्रक्रिया के माध्यम से विपक्षी दलों के जनप्रतिनिधि स्वयं निर्वाचित होकर आते हैं, उसी प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना गंभीर विषय है। आज आवश्यकता है कि हम जनता के बीच तथ्यात्मक, तर्कसंगत और विधिसम्मत बातें रखें तथा संविधान, कानून और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करें।
मोहले ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा केवल नारों से नहीं, बल्कि संविधान और कानून के पालन से होती है। प्रत्येक नागरिक एवं कार्यकर्ता को सजग और जागरूक रहकर लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

संगठनात्मक सहभागिता से सफल हुआ आयोजन
कार्यक्रम का स्वागत भाषण एवं संपूर्ण कार्यक्रम की रूपरेखा भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री गुरमीत सलूजा ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर ने किया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक संस्थाओं और जनादेश के सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त किया यह समाचार जिला मीडिया प्रभारी रामशरण यादव द्वारा दी गई।


