अपराधछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्य

एक बाइक चोरी ने खोला 6 चोरियों का राज! लोरमी पुलिस ने 26 घंटे में 2 आरोपियों को दबोचा, 6 बाइक बरामद

26 घंटे में मोटर साइकिल चोरी का खुलासा: 2 आरोपी गिरफ्तार, 2.10 लाख की 6 बाइक बरामद

अभय न्यूज मुंगेली,20 सितंबर 2026।

जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ मुंगेली पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में लोरमी पुलिस ने मोटर साइकिल चोरी के मामले में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए महज 26 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 6 मोटर साइकिलें, कुल कीमत 2 लाख 10 हजार रुपये बरामद की हैं।

मामला थाना लोरमी क्षेत्र के खुड़िया डेम का है। बिलासपुर के मंगला निवासी चंद्रशेखर पटेल 17 सितंबर को अपनी मां के साथ मोटर साइकिल क्रमांक CG-10 AT-2684 से खुड़िया डेम घूमने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक खुड़िया बांध के उलट के पास खड़ी की और मां के साथ घूमने चले गए। करीब एक घंटे बाद लौटे तो बाइक मौके से गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद भी बाइक का पता नहीं चला।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 400/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला एवं उप पुलिस अधीक्षक माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में लोरमी पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर अमलडीही निवासी चरन कुर्रे और अमित चेलकर को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुड़िया डेम से मोटर साइकिल चोरी करना स्वीकार किया। इसके अलावा उन्होंने अन्य स्थानों से भी 5 मोटर साइकिलें चोरी करना कबूल किया। आरोपियों की निशानदेही पर दोनों के घरों से कुल 6 चोरी की मोटर साइकिलें बरामद की गईं।

बरामद वाहनों में हीरो एचएफ डीलक्स की चार मोटर साइकिलें, हीरो कंपनी की एक मोटर साइकिल तथा होंडा साइन की एक मोटर साइकिल शामिल हैं। बरामद 6 मोटर साइकिलों की कुल कीमत 2,10,000 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपियों चरन कुर्रे पिता शीतल प्रसाद कुर्रे, उम्र 22 वर्ष एवं अमित चेलकर पिता कमल चेलकर, उम्र 21 वर्ष, दोनों निवासी अमलडीही, थाना लोरमी, जिला मुंगेली को 19 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। मामले में धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, प्रआर. दयाल गवास्कर, आरक्षक राजू साहू, ईश्वर मरावी, कवि टोप्पो, युगल किशोर, रेखराम नेताम एवं सैनिक कुलदीप सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस की नागरिकों से अपील:-

जिला पुलिस मुंगेली ने नागरिकों से अपने घरों एवं दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112 अथवा नजदीकी थाना को देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button