Breaking Newsकरियरखेलछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्यशिक्षा

मुंगेली में खेल प्रतिभाओं का महासंगम: 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

शतरंज और नेटबाल में 270 बालक-बालिकाएं दिखाएंगे दम, प्रदेश के पांचों संभागों से पहुंचे खिलाड़ी

अभय न्यूज मुंगेली। 31अगस्त 2026।

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मुंगेली में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण वातावरण में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे बालक-बालिकाओं ने आकर्षक मार्चपास्ट के माध्यम से अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शतरंज एवं नेटबाल के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें 14 वर्ष, 17 वर्ष एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 270 बालक-बालिकाएं अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता में प्रदेश के बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, सरगुजा एवं बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी शामिल हुए हैं।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों के आकर्षक मार्चपास्ट ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। विभिन्न संभागों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपने-अपने दलों का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।

प्रतियोगिता में बिलासपुर संभाग से मुंगेली सहित बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ एवं गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही के खिलाड़ी शामिल हुए हैं। वहीं रायपुर संभाग से बलौदाबाजार-भाटापारा, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद एवं रायपुर के खिलाड़ी पहुंचे हैं।इसी प्रकार दुर्ग संभाग से बेमेतरा, दुर्ग, कबीरधाम, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर एवं बालोद, सरगुजा संभाग से बलरामपुर-रामानुजगंज, जशपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर एवं सरगुजा तथा बस्तर संभाग से बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, सुकमा एवं बस्तर जिले के खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।

शतरंज प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपनी बौद्धिक क्षमता, एकाग्रता और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं नेटबाल के मैदान में खिलाड़ियों की फुर्ती, टीम भावना और खेल कौशल देखने को मिल रहा है। यह राज्य स्तरीय आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा और अनुभव साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है।

इस अवसर पर मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे, जिला भाजपा अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा , भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रामशरण यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।मुंगेली में आयोजित इस राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता ने जिले को खेल प्रतिभाओं के बड़े मंच के रूप में एक नई पहचान दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button