
अभय न्यूज मुंगेली।31अगस्त 26।
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रोहराखुर्द में प्रधानपाठक अमर प्रसाद कुर्रे के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर शाला परिवार रोहराखुर्द द्वारा सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनके दीर्घ सेवाकाल के दौरान शिक्षा के क्षेत्र एवं विद्यालय विकास के लिए किए गए उल्लेखनीय योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुंगेली विमित्रा घृतलहरे, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप दिवाकर एवं ग्राम के जनप्रतिनिधियों द्वारा मां सरस्वती एवं भारत माता के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात शाला के बच्चों ने अतिथियों के स्वागत में स्वागत गीत एवं स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों द्वारा पारंपरिक छत्तीसगढ़ी एवं देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिनकी सभी अतिथियों ने सराहना की। उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए प्रधानपाठक अमर प्रसाद कुर्रे द्वारा बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी विमित्रा घृतलहरे ने कहा कि अमर प्रसाद कुर्रे ने अपने सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। विद्यार्थियों के प्रति उनका स्नेह, शिक्षकों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार तथा विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने के लिए किए गए उनके प्रयास सदैव स्मरणीय रहेंगे।
सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप दिवाकर ने कहा कि सेवानिवृत्ति शासकीय सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि श्री कुर्रे का अनुभव एवं मार्गदर्शन भविष्य में भी विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
ग्राम के सरपंच प्रतिनिधि चन्द्रकुमार जोगीवंश ने कहा कि अमर प्रसाद कुर्रे एक अच्छे एवं आदर्श शिक्षक के रूप में सदैव याद किए जाएंगे। उन्होंने उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।
संकुल रोहराखुर्द के प्रभारी चैतन्य दास वैष्णव ने उन्हें सेवानिवृत्ति की शुभकामनाएं देते हुए सुखद, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की। शाला के वरिष्ठ शिक्षक जितेन्द्र कुमार बंजारा ने उनके साथ बिताए अपने अनुभवों को साझा करते हुए उनके सरल, सहज एवं मिलनसार व्यक्तित्व की सराहना की।
कार्यक्रम का शानदार संचालन शिक्षक दिलीप जाटवार द्वारा किया गया। शाला के शिक्षक चन्द्रप्रकाश सूर्यवंशी, महेन्द्र यादव एवं भूषण पात्रे ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। रीनू लाल द्वारा प्रधानपाठक अमर प्रसाद कुर्रे के जीवन एवं सेवाकाल का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया गया।
अंत में शाला परिवार के शिक्षक आशीष कुमार सोनी ने प्रधानपाठक अमर प्रसाद कुर्रे सहित कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उनके आगामी जीवन के लिए सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की। शाला परिवार की ओर से प्रधानपाठक अमर प्रसाद कुर्रे को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह सौहार्दपूर्ण एवं भावुक वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर संकुल प्रभारी चैतन्य दास वैष्णव, संकुल शैक्षिक समन्वयक मनोज पात्रे, व्याख्याता शिवशंकर नेताम, महोदय साहू, गोविंद पांडेय, देव कुमार बर्मन, बसंत बंजारा, प्रधानपाठक चन्द्रेश कुमार पाण्डेय, उपेन्द्र कुमार पाण्डेय, वंदिता शर्मा, शिक्षक नरेन्द्र तिवारी, लंकेश कुमार पाटले, सफाई मित्र सुरेश निर्मलकर सहित शाला के सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
