छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कदेशमुंगेलीराज्यलाइफ स्टाइल

मुंगेली में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

विधायक पुन्नूलाल मोहले ने किया ध्वजारोहण, शहीदों के परिजनों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का किया सम्मान

अभय न्यूज मुंगेली,15 अगस्त 2026।

जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण कर जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

ध्वजारोहण के पश्चात विधायक मोहले ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का प्रदेशवासियों के नाम प्रेषित संदेश का वाचन करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों एवं कार्ययोजनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर विधायक मोहले ने कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के साथ शांति, हर्षोल्लास और खुशहाली के प्रतीक तीन रंगों के गुब्बारे आसमान में छोड़े। सशस्त्र गार्ड द्वारा हर्ष फायर किया गया। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक ख्रिस्ट नरगिस तिग्गा बघेल एवं परेड उप कमांडर हरेन्द्र देवांगन के नेतृत्व में 12 प्लाटूनों ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने सामूहिक पीटी प्रदर्शन किया, जबकि जिला पुलिस बल के बैंड ने देशभक्ति की धुनों से समारोह में उत्साह भर दिया।

शहीदों के परिजनों का किया सम्मान

समारोह में विधायक  मोहले ने जिले के वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके परिजनों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने शहीद धनंजय सिंह राजपूत, छत्रधारी जांगड़े, आर. आनंद सिंह राठौर, संतोष पहारे, नरेन्द्र साहू एवं प्लाटून कमांडर राजकमल कश्यप के परिजनों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, रेम्बो मेमोरियल अंग्रेजी माध्यम स्कूल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला करही तथा पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बंधवा के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला करही ने प्रथम, पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय बंधवा ने द्वितीय तथा कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सारधा, लोरमी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

मुख्य अतिथि विधायक मोहले ने शासन की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के बेहतर क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए बेहतर कार्य के लिए बधाई दी।

समारोह में वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम  रेखा चंद्रा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में जिलेवासी उपस्थित रहे।

देशभक्ति गीतों पर बच्चों के साथ झूमे विधायक, कलेक्टर और एसएसपी

समारोह के समापन अवसर पर पुरस्कार वितरण के बाद देशभक्ति गीतों ने पूरे माहौल को उत्साह से भर दिया। विधायक  पुन्नूलाल मोहले, कलेक्टर कुन्दन कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल एवं जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे ने स्कूली बच्चों के साथ देशभक्ति गीतों पर उत्साहपूर्वक सहभागिता की। ‘रंग दे बसंती चोला’ और ‘ये देश है वीर जवानों का’ जैसे देशभक्ति गीतों पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बच्चों के साथ उत्साह साझा किया। वहीं ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंग गया। विधायक, कलेक्टर और एसएसपी को अपने बीच पाकर स्कूली बच्चे भी काफी उत्साहित नजर आए।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button