मुंगेली पुलिस की बड़ी सफलता: शासकीय उचित मूल्य दुकानों से चावल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार

अभय न्यूज मुंगेली, 11 अगस्त 2026।
मुंगेली पुलिस ने शासकीय उचित मूल्य दुकानों एवं सोसायटी से चावल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 200 कट्टी चावल (लगभग 100 क्विंटल), 16 कट्टी शक्कर, ₹24 हजार नगद बिक्री रकम सहित करीब ₹10 लाख की संपत्ति बरामद की गई है। चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन, चाकू, प्लास्टिक बोरी, सुतली, लोहे की रॉड एवं मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार पथरिया थाना क्षेत्र में शासकीय उचित मूल्य दुकानों में चोरी की लगातार सामने आ रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मुंगेली पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस ने तकनीकी एवं पारंपरिक पुलिसिंग के माध्यम से आरोपियों की पतासाजी शुरू की।
पतासाजी के दौरान 10 अगस्त 2026 को ग्राम बावली निवासी खिलेश कौशिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने बताया कि वह पिकअप वाहन क्रमांक CG 28 KU 3669 को किराये पर लेकर वाहन चलाता था। इसी दौरान उसके संपर्क में राजकुमार पात्रे एवं पिंटू उर्फ विजय पात्रे सहित अन्य आरोपी आए और शासकीय उचित मूल्य दुकानों से चावल चोरी करने की योजना बनाई गई।
आरोपियों ने 5 अगस्त 2026 की रात ग्राम कलारजेवरा स्थित सोसायटी दुकान का ताला तोड़कर लगभग 30 कट्टी चावल तथा ग्राम बेलतुंगरी स्थित सोसायटी दुकान से चैनल गेट एवं दरवाजे का ताला तोड़कर लगभग 35 कट्टी चावल चोरी करना स्वीकार किया। इसी प्रकार 6 एवं 7 अगस्त की रात ग्राम पालचुवा स्थित सोसायटी दुकान से लगभग 45 कट्टी चावल एवं 15 कट्टी शक्कर चोरी की गई।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए चावल एवं शक्कर को ग्राम घुठेली ले जाकर बोरियों की अदला-बदली की जाती थी। इसके बाद चावल को बिलासपुर के तारबाहर क्षेत्र के व्यापारियों बंटी उर्फ रवि पाहुजा एवं सोनू राणा उर्फ नरेन्द्र के माध्यम से बेचे जाने तथा चावल को अन्य दुकानों/गोदामों में खाली कराने की बात सामने आई। चोरी से प्राप्त करीब ₹2 लाख 50 हजार की रकम आरोपियों द्वारा आपस में बांट ली गई थी।
पुलिस ने राजू निषाद, महेन्द्र निषाद एवं व्यापारी बंटी उर्फ रवि पाहुजा को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। घटना में संलिप्तता स्वीकार करने पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
- अन्य जिलों में भी चोरी का खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने 30 जुलाई 2026 की रात चौकी मारो क्षेत्र के ग्राम पुटपुरा स्थित सोसायटी दुकान से लगभग 45 कट्टी चावल चोरी करना स्वीकार किया। इसी तरह सिरगिट्टी क्षेत्र के ग्राम सिलपहरी स्थित सोसायटी दुकान से भी लगभग 45 कट्टी चावल चोरी कर बिलासपुर में बेचने की जानकारी सामने आई है।
इसके अलावा आरोपियों ने लोरमी क्षेत्र में पिकअप वाहन का उपयोग कर एक स्थान से 10 बोरी डीएपी खाद चोरी करने तथा ग्राम कोकही स्थित एक फार्म हाउस से कीटनाशक चोरी करने की वारदात में भी संलिप्तता स्वीकार की है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
- खिलेश कौशिक, पिता स्व. दिनेश, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम बावली
- राजू श्रीवास, पिता रामकुमार, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम बावली
- महेन्द्र निषाद, पिता भागवत, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम बावली
- व्यापारी बंटी उर्फ रवि पाहुजा, पिता स्व. परमानंद, उम्र 50 वर्ष, निवासी जुनापारा, बिलासपुर
यह सामान हुआ जब्त
पुलिस ने आरोपियों से 200 कट्टी चावल (100 क्विंटल), 16 कट्टी शक्कर, ₹24,000 नगद, पिकअप वाहन CG 28 KU 3669, 83 प्लास्टिक बोरियां, 01 चाकू, प्लास्टिक सुतली, 01 सब्बलनुमा लोहे की रॉड एवं 02 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब ₹10 लाख बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में 01 प्रकरण तथा थाना पथरिया में 02 प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की पतासाजी जारी है।
पुलिस की आम नागरिकों से अपील
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आम नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि जिले में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को सूचना दें। साथ ही घर एवं दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की गई है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े (प्रभारी थाना सिटी कोतवाली), उप निरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी (प्रभारी साइबर सेल), उप निरीक्षक गिरजाशंकर यादव (प्रभारी थाना पथरिया) सहित साइबर सेल एवं थाना पथरिया स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।