विश्व आदिवासी दिवस पर ‘स्टार्स ऑफ टुमॉरो’ की अनूठी पहल, 40 पौधे रोपकर दिया प्रकृति और संस्कृति संरक्षण का संदेश

अभय न्यूज मुंगेली।
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अनूठी पहल की। संस्था द्वारा संचालित ‘हरियर मुंगेली-सुघ्घर मुंगेली’ अभियान के छठवें चरण के तहत पुलिस लाइन नहर रोड में नीम, कदम, बादाम, गुलमोहर, जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के 40 पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान पौधारोपण के माध्यम से प्रकृति, पर्यावरण और आदिवासी संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर संस्था के वरिष्ठ सदस्य गोखलेश सिंह एवं दीपक जैन ने कहा कि आदिवासी समाज सदियों से प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर जीवन जीता आया है। जल, जंगल और जमीन के संरक्षण की उनकी परंपराएं आज पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। ऐसे में विश्व आदिवासी दिवस पर पौधारोपण करना प्रकृति और संस्कृति, दोनों के सम्मान का सार्थक प्रयास है।
संस्था के सक्रिय सदस्य मुकेश पांडेय एवं पप्पू शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन के विशेष अवसरों को पौधारोपण से जोड़ना चाहिए। जल, जंगल और जमीन हमारी आने वाली पीढ़ियों की सबसे बड़ी विरासत हैं और इनकी रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
‘हरियर मुंगेली-सुघ्घर मुंगेली’ अभियान के छठवें चरण के अभियान प्रभारी अजय चंद्राकर एवं सह प्रभारी वैभव ताम्रकार ने कहा कि संस्था लगातार अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है। अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना विकसित करना भी है।
कार्यक्रम में संस्था के संयोजक रामपाल सिंह, अध्यक्ष महावीर सिंह, सचिव विनोद यादव, कोषाध्यक्ष धनराज परिहार, गोखलेश सिंह, विकास जैन, मुकेश पांडेय, दीपक जैन, रणवीर सिंह, श्रेणिक पारख, सुनील वाधवानी, धीरज जैन, कोमल चौबे, नागेश साहू, पप्पू शर्मा, राहुल मल्लाह, वैभव ताम्रकार, पवन यादव, आर्या सिंह, वासु पांडेय, रवि साहू, देवेंद्र सिंह, अजय चंद्राकर, संतोष जांगड़े, श्रीओम सिंह, दिलबाग सिंह, रघुराज सिंह, परमेश्वर देवांगन, सुरेश यादव, सुमित उपाध्याय सहित नगर के पर्यावरण प्रेमी अरविंद रूपवानी, प्रियांक गुप्ता, सागर वैष्णव, आदर्श केशरवानी, प्रकाश दुबे एवं जय कुमार मार्को उपस्थित रहे।
