राष्ट्रीय कला कृति महोत्सव में मुंगेली की बेटी माही पाठक का जलवा, सेमी कत्थक नृत्य में प्रथम स्थान

अभय न्यूज मुंगेली। 06 जुलाई 2026।
भिलाई में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के ‘कला कृति महोत्सव’ में मुंगेली की होनहार बेटी माही पाठक ने सेमी कत्थक (सेमी क्लासिकल) नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के बीच अपनी शानदार प्रस्तुति से माही ने निर्णायकों और दर्शकों का दिल जीतते हुए यह प्रतिष्ठित उपलब्धि हासिल की।
माही पाठक इससे पहले भी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय नटरंग महोत्सव में द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं। लगातार मिल रही सफलताओं ने उन्हें जिले की उभरती हुई नृत्य प्रतिभाओं में शामिल कर दिया है।

- उपलब्धि से जिले में खुशी की लहर
माही की इस उपलब्धि से पूरे मुंगेली जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है। उनके पिता पं. सतीश पाठक, माता श्रीमती स्वीटी पाठक, बड़े पापा सुनील पाठक (पत्रकार एवं जिला भाजपा उपाध्यक्ष) तथा बड़ी मम्मी श्रीमती रजनी पाठक सहित पूरे परिवार को शुभकामनाएं और बधाइयां मिल रही हैं।
स्थानीय नागरिकों, कला प्रेमियों एवं शुभचिंतकों ने कहा कि माही ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पण, मेहनत और उचित मार्गदर्शन मिलने पर छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी देशभर में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।
- मुख्य मंच पर हुआ सम्मान
राष्ट्रीय स्तर के इस गरिमामयी समारोह में मुख्य अतिथियों ने माही पाठक को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस उपलब्धि पर मुंगेली के विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रबुद्धजनों, कलाकारों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
