मुंगेली में किसानों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस का ‘हल्ला बोल’, 16 जून को कलेक्टरेट घेराव

अभय न्यूज मुंगेली, 13 जून 2026।
किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली ने 16 जून को कलेक्टरेट घेराव और हल्ला बोल आंदोलन का ऐलान किया है। कांग्रेस पार्टी ने किसानों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए बड़ी संख्या में किसानों एवं कार्यकर्ताओं से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।

जिला महामंत्री श्री निवास ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि आंदोलन 16 जून 2026 (मंगलवार) सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का प्रारंभ देव प्रॉपर्टी डीलिंग, मुंगेली से होगा, जहां से रैली निकालकर कलेक्टरेट का घेराव किया जाएगा।
कांग्रेस ने किसानों से जुड़े कई मुद्दों को उठाते हुए सरकार से मांग की है कि खाद कटौती संबंधी आदेश वापस लिया जाए, किसानों को आवश्यकता अनुसार खाद-बीज उपलब्ध कराया जाए, डीजल-पेट्रोल पर लगी वैट दरों में राहत दी जाए तथा कृषि बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस लेकर किसानों को मुफ्त बिजली प्रदान की जाए।
इसके अलावा पार्टी ने खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने, केसीसी ऋण राशि में वृद्धि, धान उपज की पूरी राशि का भुगतान, लंबित अनुदानों का शीघ्र वितरण तथा अवैध शराब बिक्री पर सख्त कार्रवाई की भी मांग की है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा एवं जिला कांग्रेस सचिव भूपेंद्र साहू ने किसानों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।