छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्य

सुशासन तिहार जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम, कलेक्टर ने जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

अभय न्यूज मुंगेली,

‘सुशासन तिहार 2026’ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आयोजित प्रदेश में जनकल्याण, सुशासन और संवेदनशील प्रशासन का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। जनसमस्या निवारण शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सीधे उनके द्वार तक पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर पालिका लोरमी के मानस मंच में सुशासन तिहार अंतर्गत समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि जनता के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के लिए शासन-प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ ईमानदारीपूर्वक किया गया कार्य हमेशा बेहतर परिणाम देता है। कलेक्टर ने राजस्व संबंधित प्रकरणों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना ही सुशासन की पहचान है। यह शिविर प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का बेहतर माध्यम है।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बिजली चोरी के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए अवैध हुकिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी तथा अधिक बिजली खपत वाले परिवारों को शासन की सौर ऊर्जा योजनाओं का लाभ लेने प्रेरित किया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारी संजुला शर्मा की अनुपस्थिति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

नगर पालिका परिषद लोरमी के अध्यक्ष सुजीत वर्मा ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को घर बैठे मिल रहा है, जिससे आम नागरिकों में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार जैसे आयोजन जनता और प्रशासन के बीच विश्वास को मजबूत करते हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी चंदन शर्मा ने विभागीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 144 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 68 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि शेष आवेदनों पर प्रक्रिया जारी है। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, गुरमीत सलूजा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

  • हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित

समाधान शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री प्रदान कर लाभान्वित किया गया। इस दौरान 04 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास की चाबी प्रदान किया गया। इसी तरह 05 हितग्राहियों को सीमांकन, नक्शा बटांकन सहित अन्य राजस्व संबंधी अभिलेख, 10 हितग्राहियों को श्रम कार्ड, बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 18 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मछली पालन विभाग द्वारा 01 हितग्राही को आइस बॉक्स, 05 हितग्राहियों को राशनकार्ड, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 06 हितग्राहियों को चेक, 04 हितग्राहियों को सुपोषण किट, 04 हितग्राहियों को नोनी सुरक्षा योजना बांड पेपर, 03 हितग्राहियों को विद्यारंभ योजना का प्रमाण पत्र और 05 हितग्राहियों को अरहर मिनी किट प्रदान कर लाभान्वित किया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा अमाजनों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवा एवं परामर्श दिया गया।

  • विकासखण्ड मुंगेली के नवागांव (चि.) में शिविर का आयोजन 14 मई को

सुशासन तिहार अंतर्गत विकासखण्ड मुंगेली के ग्राम नवागांव (चि.) स्थित हायर सेकेण्डरी स्कूल में 14 मई को समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में क्लस्टर के 28 ग्रामों पंडरभट्ठा, पुरान, घुठेली, बलौदी, नवागांव (चि.), करही (ध.), कोदूकापा, धपई, चिरहुला, घोरपुरा, बुंदेली, नेवासपुर, किरना, रामगढ़, खैरवार (बै.), पालचुवा, लालाकापा, रेहुंटा, लिलवाकापा, लक्षनपुर (कि.), नवागांव (टे.), टेमरी, करूपान, कोहड़िया, चातरखार, धनगांव (च.), चलान और निरजाम के आमजन शामिल होकर शिविर का लाभ उठा सकते हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button