छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराजनीतीराज्य

मुख्यमंत्री ने मुंगेली को दी 353 करोड़ 58 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगातें

संवेदनशीलता और सुशासन विकास की मुख्य अवधारणा: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

अभय न्यूज मुंगेली,

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिला मुख्यालय स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल होकर जिले को 353 करोड़ 58 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री साय ने जिले में 353 करोड़ 58 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया , सुशासन को मजबूत बनाने और आमजनों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार के तहत रविवार को मुंगेली जिला ऐतिहासिक विकास सौगातों का साक्षी बना। इनमें 152 करोड़ 02 लाख रूपये से अधिक के 284 कार्यों का लोकार्पण एवं 201 करोड़ 56 लाख रूपए से अधिक के 130 कार्यों का शिलान्यास शामिल है, इससे जिले में इन्फ्रास्ट्रक्चर से जनसुविधाओं तक शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, जल सहित बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

जिला मुख्यालय स्थित डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरूण साव, वाणिज्य एवं उद्योग, श्रम, आबकारी तथा जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत मुंगेली अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने स्वागत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि जिले में सुशासन तिहार अंतर्गत आमजनों से सतत सम्पर्क कर उनकी समस्याओं का समाधान करने प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के समुचित विकास एवं जनकल्याण एवं सुशासन के संकल्प के साथ जिले को नई ऊंचाइयों पर ले जाने हेतु जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने पुष्प वाटिका एवं चौपाटी, नहर, एनीकट, लाइवलीहुड कॉलेज भवन पहुंच मार्ग, मुंगेली भटगांव पहुंच मार्ग सहित अन्य सड़कों, विभिन्न ग्रामों में निर्मित महतारी सदनों, छात्रावासों, जल जीवन मिशन के कार्यों, सामुदायिक भवनों, विभिन्न ग्राम पंचायतों में निर्मित अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों, प्राथमिक शाला भवनों, सांस्कृतिक मंचों, सीसी सड़कों, अमृत सरोवरों में विभिन्न कार्य, विभिन्न ग्रामों के आंगनबाड़ी भवनों सहित अन्य कार्यों का लोकार्पण किया। इसी तरह विभिन्न ग्रामों में सीसी सड़कों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सड़क मार्गों, विभिन्न ग्रामों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों, मुंगेली नगर पालिका में एसटीपी सहित अन्य वार्डों में तालाब सौंदर्यीकरण, फुटपाथ निर्माण, पुल निर्माण सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान के तहत स्वामी आत्मानंद विद्यालय मोतिमपुर, लालपुरथाना, लोरमी, पथरिया और सरगांव का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मुंगेली जिले को 353 करोड़ से अधिक विकास कार्यों का लोकार्पण से जिले के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज मुंगेली जिले में भक्ति की प्रतीक माता कर्मा की मूर्ति, मनखे मनखे एक समान का संदेश देने वाले बाबा गुरु घासीदास की मूर्ति और संविधान निर्माता बाबा साहेब अम्बेडकर की प्रतिमा तथा शक्ति, शौर्य और त्याग के प्रतीक महाराणा प्रताप की मूर्ति का अनावरण किया गया, जिससे जिले का गौरव बढ़ा है। उन्होंने नवागढ़ रोड में वीरांगना रानी दुर्गावती प्रतिमा स्थापना के लिए 25 लाख रुपये, मुंगेली में पोस्ट मैट्रिक छात्रावास के लिए भवन, मेला नवागांव में बाउंड्रीवाल एवं प्रवेश द्वार के लिए 20 लाख रुपये तथा सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की। साथ ही चिकित्सा महाविद्यालय की मांग को पूरा करने के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि सुशाान तिहार के अंतर्गत आमजनों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी, समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है और जनसमस्याओं का समयबद्ध निराकरण नहीं होने की स्थिति में संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही भी की जा रही है।

केन्द्रीय राज्यमंत्री ने 353 करोड़ रूपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की सौगात के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि सरकार जनता के दुख-दर्द को समझकर त्वरित निर्णय ले रही है। मोदी की गारंटी को अमली जामा पहनाना प्राथमिकता में शामिल है। सुशासन और सबका विकास सरकार का मापदंड है। विकास का मतलब हर नागरिक के जीवन स्तर में सुधार लाना है, और विकास करना है। प्रभारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि मुंगेली जिला लगातार विकास की ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने जिले को मिली विकास कार्यों की सौगात के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। विधायक श्री मोहले ने जिले में विकास कार्यों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री वितरण कर लाभान्वित भी किया। साथ ही बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के 04 विद्यार्थियों अंशुल शर्मा, नंदिता देवागंन, हेमा साहू और चैतूराम साहू को लैपटाप प्रदान कर बधाई दी। मुख्यमंत्री श्री साय ने विभिन्न योजनाओं के 282 से अधिक हितग्राहियों को सामग्री प्रदान कर लाभान्वित किया। मुख्यमंत्री ने पीएम आवास योजना के 10 हितग्राहियों को आवास की चाबी, मनियारी बैराज योजना के तहत डूबान क्षेत्र से प्रभावित 175 परिवारों को प्रतिकात्मक चेक, 65 हितग्राहियों को मछली जाल व आइस बाक्स, दलहन मिशन अंतर्गत 10 किसानों को मिनी किट, ऑयल पाम योजनांतर्गत 03 हितग्राहियों को 01 लाख 50 हजार रूपए, श्रम विभाग अंतर्गत 05 श्रमिकों को 01 लाख रूपए सहित अन्य हितग्राहियों को सामग्री प्रदान कर लाभान्वित किया। कार्यक्रम के समापन में अतिथियों का जिला प्रशासन की ओर स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी बिलासपुर रामगोपाल गर्ग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, डीएफओ अभिनव कुमार, उपसंचालक एटीआर गणेश यू.आर., अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button