खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने केक-बेकरी प्रतिष्ठानों से लेकर वैक्सीन कोल्ड चेन का किया सघन निरीक्षण

अभय न्यूज मुंगेली,
जिले में कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री और औषधि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सही दवा शुद्ध आहार यही छत्तीसगढ़ का आधार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा जिले के विभिन्न केक एवं बेकरी प्रतिष्ठानों तथा थोक औषधि विक्रेताओं के यहां सघन निरीक्षण किया गया। खाद्य शाखा की टीम ने मुंगेली शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में 10 बेकरी एवं फूड प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के भंडारण, निर्माण प्रक्रिया और उत्पादों की एक्सपायरी तिथि की जांच की गई। टीम ने दुकानदारों को निर्देशित किया कि खाद्य सामग्री को ढककर रखें, निर्माण में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, केवल मानक के अनुरूप सामग्री का उपयोग करें तथा एक्सपायरी उत्पादों की बिक्री न करें। कुछ प्रतिष्ठानों में खामियां मिलने पर सुधार के निर्देश दिए गए तथा बिना पंजीयन संचालित दुकानों को तत्काल खाद्य लाइसेंस लेने के निर्देश दिए गए।
इसी तरह औषधि शाखा द्वारा जिले के 09 थोक दवा विक्रेताओं के यहां वैक्सीन स्टोरेज और कोल्ड चेन प्रणाली का निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि अधिकांश स्थानों पर वैक्सीन निर्धारित तापमान में सुरक्षित रखी जा रही थी। दवा विक्रेताओं को निर्देश दिए गए कि वैक्सीन स्टोरेज हेतु रेफ्रिजरेटर में पावर बैकअप अनिवार्य रखें, कोल्ड चेन की निरंतर निगरानी करें, बिना उचित तापमान नियंत्रण के वैक्सीन का उपयोग या वितरण न करें। प्रशासन द्वारा आमजनों को बेकरी उत्पाद खरीदते समय निर्माण एवं समाप्ति तिथि अवश्य जांचने, पैकेज्ड खाद्य सामग्री का उपयोग समय सीमा के भीतर करने और संदिग्ध गुणवत्ता वाले खाद्य या दवा की जानकारी विभाग को देने कहा है।
