
अभय न्यूज मुंगेली,
आज अवैध निर्माण पर प्रशासन का कड़ा प्रहार देखने को मिला। शहर के पुराना बस स्टैंड स्थित अपोलो फार्मेसी पर जिला प्रशासन, नगर पालिका और नजूल विभाग की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ढहा दिया। इस कार्रवाई से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है।
शिकायत से शुरू हुई थी जांच की प्रक्रिया – यह पूरा मामला जनहित और नियमों के उल्लंघन से जुड़ा था। नगर के किशोर बैरागी ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर शिकायत की थी कि दुकान स्वामिनी श्रीमती रुचि जैन (पति गौतम जैन) द्वारा स्वीकृत भूमि से अधिक क्षेत्र पर अवैध कब्जा कर दुकान का निर्माण किया गया है। जनदर्शन में मिली इस शिकायत पर कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लिया और नगर पालिका व नजूल विभाग को संयुक्त जांच के निर्देश दिए थे।
हाई कोर्ट में याचिका खारिज – प्रशासनिक नोटिस के बावजूद दुकान मालिक द्वारा वैध दस्तावेज पेश नहीं किए गए, जिसके बाद मामला उच्च न्यायालय पहुंचा। सुनवाई के दौरान भूमि स्वामी अतिक्रमण से संबंधित कोई भी पुख्ता सबूत पेश करने में विफल रहे। नतीजतन, माननीय न्यायाधीश ने याचिका खारिज करते हुए प्रशासन को नियमानुसार कार्रवाई करने और न्यायालय को सूचित करने का आदेश दिया।
पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई – उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में शुक्रवार सुबह टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर एक्शन शुरू किया। किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। देखते ही देखते अवैध निर्माण को पूरी तरह हटा दिया गया।
प्रशासन की चेतावनी , अतिक्रमणकारियों में दहशत- इस कार्रवाई के बाद शहर में अवैध कब्जा करने वालों के बीच हड़कंप है। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में अन्य अवैध निर्माणों पर भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।