मुंगेली में खाद-बीज दुकानों पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, अनियमितता मिलने पर जारी हुआ कारण बताओ नोटिस

अभय न्यूज मुंगेली,

खरीफ सीजन 2026 में किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने जिले में निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर गुरुवार को विकासखंड मुंगेली के रामगढ़ स्थित खाद-बीज दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर एक प्रतिष्ठान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

उप संचालक कृषि विभाग के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मैसर्स जितेश ट्रेडर्स एवं गोपाल कृषि केंद्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मैसर्स जितेश ट्रेडर्स में उर्वरक विक्रय एवं संचालन से संबंधित विभिन्न अनियमितताएं सामने आईं। इसके चलते संबंधित फर्म को उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के प्रावधानों के तहत कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए दो दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

कृषि विभाग ने संबंधित फर्म को किसानों को निर्धारित दर पर रासायनिक उर्वरक उपलब्ध कराने तथा शासन के नियमों के अनुरूप दुकान संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। खाद एवं बीज की कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूली तथा अन्य अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने बताया कि जिलेभर में इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी लगातार किए जाएंगे, ताकि किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज उपलब्ध हो सके।

निरीक्षण के दौरान जिला उर्वरक निरीक्षक मनहरण कुर्रे, उर्वरक निरीक्षक राजेश साहू सहित कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Back to top button