Breaking Newsछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कतकनीकीमुंगेलीराज्यशिक्षा

राज्य दिव्यांगजन छात्रवृत्ति हेतु NSP पोर्टल में पंजीयन के लिए शिक्षकों का एक दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण आयोजित

अभय न्यूज मुंगेली।17 सितंबर2026।

दिव्यांग विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति के लिए मुंगेली में शिक्षकों को दिया प्रशिक्षण, 30 सितंबर तक शत-प्रतिशत पंजीयन पर जोर

मुंगेली। राज्य शासन द्वारा संचालित राज्य दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना का लाभ प्रत्येक पात्र दिव्यांग विद्यार्थी तक पहुंचाने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बीआरसी कार्यालय मुंगेली में शिक्षकों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी एम.एल. पटेल, जिला मिशन समन्वयक अशोक सोनी एवं आईईडी प्रभारी एपीसी लेखराम साहू के मार्गदर्शन तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड स्रोत समन्वयक के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण में बताया गया कि इस वर्ष से दिव्यांग विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया National Scholarship Portal (NSP) के माध्यम से ऑनलाइन की जानी है। पोर्टल पर स्कूल/संस्था का पंजीयन, विद्यार्थियों का OTR, दस्तावेज अपलोड एवं आवेदन के सत्यापन में शिक्षकों को आ रही व्यवहारिक कठिनाइयों को देखते हुए यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

समाज कल्याण विभाग जिला इकाई मुंगेली से प्रशिक्षक आनंद सोनी एवं निर्मलकर, वहीं शिक्षा विभाग के विकासखंड स्रोत कार्यालय से समावेशी शिक्षा खंड प्रभारी संजीव सक्सेना एवं स्पेशल एजुकेटर कौशल पात्रे ने शिक्षकों को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण में NSP पर स्कूल/संस्था का रजिस्ट्रेशन, दिव्यांग विद्यार्थियों का OTR, UDID कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र एवं जाति प्रमाण पत्र अपलोड करने तथा आवेदन में होने वाली सामान्य त्रुटियों से बचने की प्रक्रिया समझाई गई।

इस अवसर पर बीईओ घृतलहरें मैडम ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र दिव्यांग विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित न रहे, यह हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षकों से अपने-अपने विद्यालयों में अध्ययनरत पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीयन निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने पर जोर दिया। छात्रवृत्ति के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित है।

कार्यशाला में विकासखंड के सभी 43 संकुलों से लगभग 82 शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में व्याख्याता, संकुल समन्वयक, प्रधान पाठक एवं नोडल शिक्षक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन संकुल समन्वयक उमेश साहू द्वारा किया गया तथा शिक्षक दुर्गेश देवांगन ने आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button