बिलासपुर पुलिस अधिकारियों के पास 200 करोड़ की संपत्ति होने के दावे पर जांच की मांग, डिप्टी सीएम कार्यालय ने आईजी को भेजा आवेदन

अभय न्यूज बिलासपुर।04 सितंबर 26।
सोशल मीडिया और फेसबुक के माध्यम से बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक एवं सरकंडा थाना प्रभारी के पास करीब 200 करोड़ रुपये की संपत्ति होने का दावा किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में राहुल साहू, निवासी 27 खोली बिलासपुर ने उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा को आवेदन देकर दावों की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में कहा गया है कि शिवराज सिंह श्रीनेत नामक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया/फेसबुक के माध्यम से बिलासपुर पुलिस अधीक्षक एवं सरकंडा थाना प्रभारी के संबंध में उनकी संपत्ति को लेकर गंभीर दावे किए गए हैं। आवेदनकर्ता ने इन दावों की सत्यता की जांच कराने, संबंधित फेसबुक पोस्ट/वीडियो एवं अन्य सोशल मीडिया सामग्री को सुरक्षित रखकर उनके स्रोत व प्रमाणों की जांच करने की मांग की है।
आवेदन पत्र –
आवेदन में यह भी मांग की गई है कि यदि लगाए गए आरोप असत्य, भ्रामक अथवा बिना प्रमाण के पाए जाते हैं तो नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए। वहीं, यदि 200 करोड़ रुपये की संपत्ति से संबंधित दावों के समर्थन में कोई प्रमाण उपलब्ध हो तो उसकी भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही पुलिस विभाग अथवा पुलिस अधिकारियों की छवि प्रभावित करने वाली भ्रामक सामग्री के संबंध में भी कार्रवाई की मांग की गई है।
आदेश –
डिप्टी सीएम कार्यालय से 24 अगस्त 2026 को जारी पत्र में आवेदन को परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा आवेदक एवं कार्यालय को अवगत कराने के लिए पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज को भेजा गया है। पत्र में आवेदन की मूल प्रति संलग्न होने का उल्लेख है। आवेदनकर्ता ने अपने पत्र के साथ फेसबुक पोस्ट/वीडियो के स्क्रीनशॉट एवं उपलब्ध लिंक भी संलग्न किए हैं।
नोट: 200 करोड़ रुपये की संपत्ति से संबंधित आरोप आवेदन में लगाए गए हैं। दस्तावेजों के अनुसार मामले में जांच के निर्देश/आवेदन अग्रेषित किया गया है; आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।


