मुंगेली में भाजपा ने फूंका ‘सेवा संकल्प’ का बिगुल, बूथ से गांव तक चलेगा अभियान; स्वास्थ्य, रक्तदान, स्वच्छता से लेकर हितग्राही संपर्क तक होंगे कार्यक्रम

अभय न्यूज मुंगेली।13 सितंबर 26।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक “सेवा संकल्प अभियान” चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर मुंगेली में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के अध्यक्ष रजनीश सिंह ने संबोधित किया।
रजनीश सिंह ने बताया कि एक माह तक चलने वाला यह अभियान सेवा, सुशासन, जनकल्याण और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का व्यापक प्रयास है। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा कार्यों के साथ केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उनसे नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य एवं चिकित्सा गतिविधियां, स्वच्छता अभियान, रक्तदान, वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, हितग्राही संपर्क, महिला एवं युवा केंद्रित कार्यक्रम तथा जनजागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा इन गतिविधियों को बूथ एवं मंडल स्तर तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
गांव-गांव पहुंचेंगी प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों की कहानियां
अभियान के तहत “नमो सेवा–अनकही कहानियां” कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में हुए बदलावों को नुक्कड़ नाटक एवं स्थानीय भाषा की प्रस्तुतियों के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। स्कूल, कॉलेज, पंचायत एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्थानीय कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।
वहीं “आंगन मिलन सेवा” के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों का सम्मान किया जाएगा। माताओं एवं बच्चों से संबंधित पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी स्थानीय बोली में दी जाएगी।
हितग्राहियों की जुबानी सामने आएगी योजनाओं की कहानी
“सेवा की कहानी” कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की वास्तविक कहानियों को सामने लाया जाएगा। प्रत्येक शक्ति केंद्र से कम से कम 10 लाभार्थियों द्वारा एक मिनट की रील तैयार कर सोशल मीडिया पर साझा की जाएगी।
इसी तरह “सेवा ज्योति कलश यात्रा–विकसित भारत का संकल्प” के माध्यम से विभिन्न गांवों और क्षेत्रों को जोड़ते हुए जनसेवा के 25 वर्षों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी और विकसित भारत 2047 के निर्माण के लिए लोगों को संकल्प से जोड़ा जाएगा।
वडनगर से वाराणसी तक निकलेगी सेवा यात्रा
“वडनगर–वाराणसी सेवा यात्रा” के अंतर्गत 10-10 टोलियों द्वारा वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर की यात्रा आयोजित की जाएगी। विभिन्न पवित्र नदियों के जल से वडनगर के महादेव एवं काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। यात्रा के दौरान गांवों और विभिन्न क्षेत्रों में जनसंवाद भी आयोजित होंगे।
“सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच जनभागीदारी से विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो ऐसे स्थानों पर सेवा कार्य किए जाएंगे, जहां कार्य के पहले और बाद का स्पष्ट परिवर्तन दिखाई दे।
एक ही जगह मिलेगी योजनाओं की जानकारी और लाभ
“सेवा सेतु अभियान” के तहत प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं “सेवा के रंग, राष्ट्र के संग” कार्यक्रम में सार्वजनिक स्थलों पर मानव श्रृंखला एवं रंगोली के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत का संदेश दिया जाएगा।
युवाओं के लिए इनोवेशन चैलेंज, 17 अक्टूबर को सुशासन संवाद
“सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज” के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, प्रोफेशनल्स एवं कॉरपोरेट इनोवेटर्स को जोड़कर पांच बड़े क्षेत्रीय इनोवेशन चैलेंज आयोजित किए जाएंगे। चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर भेजा जाएगा।
अभियान के समापन अवसर पर 17 अक्टूबर 2026 को देश के चार स्थानों पर “सुशासन संवाद” आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से सरपंच एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम में ‘विकसित भारत संकल्प प्रस्ताव’ प्रस्तुत किया जाएगा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
“सेवा को जनभागीदारी से जोड़ना अभियान का उद्देश्य”
रजनीश सिंह ने कहा कि “सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सेवा को जनभागीदारी से जोड़ने का अभियान है।” इसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसे जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना और सेवा भाव को मजबूत करना है।
उन्होंने भाजपा के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
प्रेस वार्ता में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला भाजपा अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, गिरीश शुक्ला, शैलेष पाठक, सुनील पाठक, जिला मीडिया प्रभारी रामशरण यादव, सोशल मीडिया संयोजक अशोक निर्मलकर, उमाशंकर बघेल, राजेश्वर सिंह ठंडन, मोहित यादव एवं जीवन पटेल सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा नेताओं ने जिलेवासियों से सेवा संकल्प अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने और सेवा, जनकल्याण, जनजागरूकता एवं जनभागीदारी के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की।