एक साइकिल चोरी की जांच से खुला 7 चोरी का राज! लोरमी पुलिस ने 52 वर्षीय आरोपी को दबोचा

अभय न्यूज मुंगेली।13 सितंबर 26।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों—चोरी, लूट एवं नकबजनी—पर अंकुश लगाने तथा त्वरित वैधानिक कार्रवाई के निर्देश के तहत लोरमी पुलिस को साइकिल चोरी के मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 7 साइकिलें बरामद की हैं।
मामले के अनुसार, वार्ड क्रमांक 09 मजगांव निवासी रोशन सिंह राजपूत ने 11 सितंबर 2026 को थाना लोरमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी जय इलेक्ट्रॉनिक दुकान, रानीगांव लोरमी में काम करता है। 2 सितंबर को वह साइकिल से दुकान पहुंचा और अपनी साइकिल जोतपुरी स्वीट्स के पास खड़ी कर काम पर चला गया। शाम करीब 7 बजे वापस लौटने पर साइकिल गायब मिली। आसपास तलाश करने के बावजूद साइकिल का कोई पता नहीं चला।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 389/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए बेसिक पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने थाना तखतपुर क्षेत्र के ग्राम बीजा (दैजा) निवासी रमेश कुमार खुंटे, उम्र 52 वर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने लोरमी से साइकिल चोरी करने के साथ ही अन्य स्थानों से भी कुल 6 अन्य साइकिलें चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग कंपनियों की कुल 7 साइकिलें बरामद कीं।
बरामद साइकिलों में ब्रीज कंपनी की हरे रंग की 22 इंच साइकिल, हीरो कंपनी की दो हरे रंग की साइकिलें, एक पुरानी हरे रंग की साइकिल, लाल रंग की रेंजर साइकिल, ब्लास्टर कंपनी की लाल रंग की रेंजर साइकिल तथा लाइनर कंपनी की हरे रंग की रेंजर साइकिल शामिल हैं। आरोपी के विरुद्ध अपराध प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने उसे 12 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला एवं उप पुलिस अधीक्षक माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव, प्र.आर. दयाल गवास्कर, आरक्षक राजू साहू, रेखराम नेताम, युगल किशोर उपाध्याय एवं ईश्वर मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

