छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्यशिक्षा

नवपदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. एम. के. पटेल का छ.ग.शालेय शिक्षक संघ ने किया आत्मीय स्वागत

शिक्षा की गुणवत्ता, शत-प्रतिशत नामांकन और शिक्षक समस्याओं के समयबद्ध समाधान को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

अभय न्यूज मुंगेली। 10 सितंबर 2026।

जिले के नवपदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. एम.के. पटेल के पदभार ग्रहण करने के अवसर पर छत्तीसगढ़ शालेय शिक्षक संघ, जिला इकाई मुंगेली ने जिलाध्यक्ष दीपक बेंताल के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर सौजन्य भेंट की। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ एवं श्रीफल भेंट कर डॉ. पटेल का हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत किया तथा उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

शिक्षा की गुणवत्ता और शिक्षक हितों पर हुई चर्चा

सौजन्य भेंट के दौरान शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, शत-प्रतिशत नामांकन, विद्यालयों में अधोसंरचना विकास तथा शिक्षकों की लंबित समस्याओं के त्वरित निराकरण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. एम.के. पटेल ने आश्वस्त किया कि इसी माह जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक शीघ्र आयोजित की जाएगी, ताकि शिक्षकों की समस्याओं पर चर्चा कर उनका यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया जा सके और शिक्षकों को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।

पारदर्शी कार्यप्रणाली और समयबद्ध समाधान पर जोर

अपने संबोधन में डॉ. एम.के. पटेल ने कहा कि मुंगेली जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, शत-प्रतिशत नामांकन, शिक्षकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान तथा कार्यालयीन कार्यप्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

उन्होंने कहा कि शिक्षक संगठन के सहयोग और सभी शिक्षकों की सहभागिता से मुंगेली जिले को शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश का अग्रणी जिला बनाने के लिए मिलकर कार्य किया जाएगा। उन्होंने जिले के समस्त शिक्षकों से टीम भावना, आपसी समन्वय और सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

ये रहे उपस्थित – स्वागत कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष दीपक बेंताल, दुर्गेश देवांगन, रामबाबू मिश्रा, नेमीचंद भास्कर, ब्रजेश यादव, विवेक गोविंद, घनश्याम देवांगन, गुनाराम निर्मलकर, मालती जांगड़े सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अंत में शालेय शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. एम.के. पटेल के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button