
अभय न्यूज मुंगेली।09 सितंबर 26।
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य जिले के हर गांव और हर घर तक पहुंचकर बच्चों, महिलाओं, पुरुषों एवं बुजुर्गों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करना है।
आज 09 सितंबर 2026 को ग्राम करही, सोढार, लिम्हा एवं गीधा के ग्राम पंचायत भवनों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में करीब 600 बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग एवं ग्रामीण शामिल हुए। एसएसपी भोजराम पटेल ने छत्तीसगढ़ी बोली में स्थानीय एवं सरल उदाहरणों के जरिए साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने लोगों को OTP साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, अज्ञात ऐप अथवा APK फाइल डाउनलोड नहीं करने, अनजान वीडियो कॉल से सावधान रहने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि में सतर्कता बरतने की समझाइश दी। साथ ही साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की अपील की गई।
“जागरूक गांव, सुरक्षित गांव” का दिलाया संकल्प
कार्यक्रम में ग्रामीणों को “साइबर जागृति शपथ” दिलाई गई। इस दौरान “मुंगेली पुलिस का यही पैगाम, साइबर सुरक्षित हो हर ग्राम” का नारा देते हुए लोगों से स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध से बचाने का संकल्प लिया गया। जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे एवं जनपद पंचायत सीईओ संतोष कुमार घोसले ने भी ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए और फर्जी मोबाइल एप्लीकेशन से सावधान रहने की अपील की।
स्कूल-कॉलेज से साप्ताहिक बाजार तक पहुंचा अभियान
साइबर जागरूकता अभियान को व्यापक रूप देते हुए थाना पथरिया के स्टाफ ने स्वास्थ्य केंद्र पथरिया में करीब 50 स्वास्थ्य मितानिनों, थाना जरहागांव ने ग्राम भथरी में करीब 25 लोगों, जबकि थाना फास्टरपुर के स्टाफ ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था मुंगेली एवं लावलीवुड कॉलेज में करीब 400 छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी दी। वहीं लोरमी के धोबघट्टी तथा लालपुर के चन्दली साप्ताहिक बाजार में करीब 500 लोगों को जागरूक किया गया।
मुंगेली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर ठगी से बचने के लिए खुद जागरूक रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। थोड़ी सी सतर्कता आपकी मेहनत की कमाई को साइबर ठगों के हाथों जाने से बचा सकती है।

