उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया मुंगेली व्यापार मेला-2026 के ब्रॉशर का विमोचन, 27 नवंबर से सजेगा सात दिवसीय मेला

व्यापार, संस्कृति और मनोरंजन का संगम बनेगा आयोजन; 11वें वर्ष में प्रवेश करेगा ‘मुंगेली का त्योहार’
अभय न्यूज मुंगेली, 28 अक्टूबर 2026।
जिले के बहुप्रतीक्षित आयोजन ‘मुंगेली व्यापार मेला-2026’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मेले के ब्रॉशर का विमोचन किया। लगातार दस वर्षों की सफल यात्रा पूरी कर चुका यह आयोजन इस वर्ष अपने 11वें वर्ष में प्रवेश करेगा। सात दिवसीय व्यापार मेला 27 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी, मुंगेली के प्रतिनिधिमंडल ने न्यू सर्किट हाउस में उप मुख्यमंत्री अरुण साव से सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें मेले का आमंत्रण पत्र सौंपकर उद्घाटन समारोह में शामिल होने का आग्रह किया। इस पर श्री साव ने कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन देते हुए आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
ब्रॉशर विमोचन के अवसर पर आयोजन समिति के संयोजक रामपाल सिंह ठाकुर, सह-संयोजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, सचिव विनोद यादव सहित सूरज मंगलानी, मुकेश पांडेय, सुनील वाधवानी, कोमल चौबे, संदीप सिंह एवं राहुल मल्लाह उपस्थित रहे।
व्यापारियों, उद्यमियों और स्व-सहायता समूहों को मिलेगा मंच
‘मुंगेली व्यापार मेला’ अब जिले के प्रमुख आयोजनों में अपनी पहचान बना चुका है। यह मेला व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ स्थानीय उद्यमियों, लघु एवं कुटीर उद्योगों, महिला स्व-सहायता समूहों और नए व्यवसायियों को अपने उत्पादों एवं प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है।
इस वर्ष मेले में देशभर के विभिन्न उत्पादों के साथ हस्तशिल्प, टेराकोटा, खादी एवं ग्रामोद्योग, बस्तर आर्ट, महिला गृह उद्योग, हर्बल उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक्स, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ऑटोमोबाइल तथा लघु एवं कुटीर उद्योगों से जुड़े आकर्षक स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने वाले स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिससे आम नागरिकों को योजनाओं की जानकारी मिल सकेगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजन से सजेगी शाम
व्यापारिक गतिविधियों के साथ मेले में प्रतिदिन शाम को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां, मनोरंजन से भरपूर झूला घर और छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला-संस्कृति की झलक इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी।
बच्चों, युवाओं और परिवारों के लिए मनोरंजन का केंद्र बनने जा रहा यह मेला जिलेवासियों को खरीदारी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आपसी मेल-मिलाप का अवसर भी प्रदान करेगा। आयोजन समिति को उम्मीद है कि 11वें वर्ष का यह आयोजन व्यापारिक गतिविधियों को नई गति देने के साथ मुंगेली की पहचान को और व्यापक बनाएगा।
