करियरछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कतकनीकीमुंगेलीराज्यलाइफ स्टाइलशिक्षा

पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) बिलासपुर रेंज ने ‘‘साइबर जागृृति अभियान’’ के तहत समाज प्रमुखों को किया साइबर जागरूक, साइबर अपराधों के बढ़ते स्वरूप, ऑनलाइन ठगी एवं डिजिटल फ्राड से बचाव के उपायों की दी महत्वपूर्ण जानकारी

अभय न्यूज मुंगेली।28 अगस्त 26।

साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संचालित “साइबर जागृति अभियान” के तहत 27 अगस्त को कलेक्ट्रेट स्थित जनदर्शन सभागार में “समाज में साइबर जागरूकता का प्रचार-प्रसार” विषय पर विशेष सम्मेलन आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीएमओ गोकुल रावते की उपस्थिति में आयोजित सम्मेलन में जिले के विभिन्न समाजों के प्रमुख एवं प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।

सम्मेलन का उद्देश्य समाज प्रमुखों के माध्यम से साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना और नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति सजग एवं सतर्क करना रहा। आईजी गर्ग ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल व लिंक, ओटीपी एवं बैंकिंग धोखाधड़ी, सोशल मीडिया अपराध, फर्जी निवेश योजनाओं तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को सतर्क रहना आवश्यक है। उन्होंने अनजान व्यक्तियों से ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी अथवा निजी जानकारी साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की समझाइश दी।

आईजी ने साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी। उन्होंने समाज प्रमुखों से अपील की कि वे अपने-अपने समाज में साइबर सुरक्षा का व्यापक प्रचार करें और विशेष रूप से बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें।

कार्यक्रम में उपस्थित समाज प्रमुखों ने पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” की सराहना करते हुए अपने-अपने समाज एवं समुदाय में साइबर जागरूकता फैलाने का संकल्प व्यक्त किया।

मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय सतर्कता और जागरूकता है। किसी भी अनजान कॉल, संदेश, लिंक, ऑनलाइन ऑफर अथवा संदिग्ध व्यक्ति के झांसे में न आएं। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर संपर्क कर पुलिस को सूचना दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button