हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर कृषि उपज मंडी से स्टेडियम तक निकली यात्रा, अमर जवान स्तम्भ पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
मुंगेली में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

अभय न्यूज मुंगेली, 11 अगस्त 2026।
देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से “हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ” के अवसर पर जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को जिला मुख्यालय मुंगेली में कृषि उपज मंडी से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
तिरंगा यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्कूली बच्चों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की। भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम, अनुशासन और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। यात्रा के समापन पर स्टेडियम स्थित अमर जवान स्तम्भ में पुष्प अर्पित कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई।
“तिरंगा हमें एकता और कर्तव्य का संदेश देता है”—विधायक पुन्नूलाल मोहले
इस अवसर पर विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि देश की आजादी अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान हमारे पूर्वजों ने अनेक कठिनाइयों का सामना किया। उन्होंने नागरिकों से संविधान और देश के कानून का पूरी निष्ठा से पालन करने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन के लिए सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
“ईमानदारी से किया गया कर्तव्य भी सच्ची देशभक्ति”—कलेक्टर कुन्दन कुमार
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि देशभक्ति केवल नारों तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने दायित्वों का ईमानदारी और पूर्ण मनोयोग से निर्वहन करना भी सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने कहा कि हम किसी भी भूमिका में हों, अपने कार्य को अनुशासन, निष्ठा और ईमानदारी से करें।
कलेक्टर ने शिक्षा व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बेहतर शिक्षा के माध्यम से ही देश को योग्य एवं जिम्मेदार नागरिक तथा रोल मॉडल मिलेंगे। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले जिले के वीर सपूतों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की अपील की।
“एकता और अनुशासन से बनेगा सशक्त भारत”—एसएसपी भोजराम पटेल
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि संगठन और एकता में अपार शक्ति होती है। जब हम कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ते हैं, तब सशक्त भारत का निर्माण होता है। उन्होंने अनुशासन को परिवार और राष्ट्र को मजबूत बनाने वाली महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए नागरिकों से बच्चों में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम के संस्कार विकसित करने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पांडेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा, जनप्रतिनिधिगण, जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी सहित अधिकारी-कर्मचारी, आम नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
