छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कराजनीतीराज्य

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की पहल रंग लाई, डोंगरगढ़–कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना को केंद्र की मंजूरी

अभय न्यूज दिल्ली/बिलासपुर।

छत्तीसगढ़ के बुनियादी ढांचे और रेल नेटवर्क के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप बहुप्रतीक्षित डोंगरगढ़–कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल गई है।

बताया गया कि सांसद बनने के बाद से ही तोखन साहू इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने समय-समय पर केंद्रीय रेल मंत्रालय के समक्ष इस रेल लाइन की आवश्यकता और क्षेत्र की जनभावनाओं को प्रमुखता से रखा।

नई दिल्ली में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय के साथ केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। बैठक में डोंगरगढ़–कटघोरा नई रेल लाइन परियोजना के साथ-साथ बस्तर अंचल में रेल विस्तार के विभिन्न प्रस्तावों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। इसके बाद परियोजना को मंजूरी प्रदान की गई।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू ने कहा कि सांसद बनने के बाद से ही बिलासपुर लोकसभा और पूरे छत्तीसगढ़ के विकास को गति देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि डोंगरगढ़–कटघोरा रेल लाइन की स्वीकृति केवल एक रेल परियोजना नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास के नए युग की शुरुआत है। इससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, उद्योगों को नई गति मिलेगी और लोगों की आवाजाही अधिक सुगम होगी।

उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ की जनता के लंबे समय से देखे जा रहे सपने के साकार होने की दिशा में बड़ा कदम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button