जनप्रतिनिधि संगठन की मंशा के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाएं : अभिषेक शुक्ला

अभय न्यूज मुंगेली, 30 जून 2026,
भारतीय जनता पार्टी जिला मुंगेली की जिला स्तरीय जनप्रतिनिधि बैठक सोमवार को अटल परिसर स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के संभाग सह-प्रभारी अभिषेक शुक्ला उपस्थित रहे। बैठक में संगठन और शासन के बीच बेहतर समन्वय, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जिले के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए संभाग सह-प्रभारी अभिषेक शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांत पर कार्य करने वाला दल है और यही इसकी सबसे बड़ी विशेषता है। उन्होंने कहा कि अन्य राजनीतिक दलों की तुलना में भाजपा की कार्यशैली सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित पर आधारित है। केंद्र और राज्य में जनता ने भाजपा को सेवा का जनादेश दिया है, इसलिए प्रत्येक जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है कि संगठन की भावना और सरकार की मंशा के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं तथा सेवा भाव को अपने व्यवहार में उतारें।
भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन और शासन के बीच वैचारिक समन्वय एवं परिवार भाव के साथ कार्य करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने जिले में संचालित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि सभी जनप्रतिनिधि जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करें और मुंगेली को विकसित एवं समृद्ध कृषक जिला बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक के दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने भी संभाग सह-प्रभारी अभिषेक शुक्ला के समक्ष अपने सुझाव और विचार रखे तथा संगठनात्मक गतिविधियों एवं जनहित से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा की।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री कैलास सिंह ठाकुर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन रिंकू सिंह ठाकुर ने किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, भाजपा प्रदेश स्थायी आमंत्रित सदस्य गिरीश शुक्ला, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शैलेष पाठक, जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, जनपद पंचायत पथरिया अध्यक्ष चित्ररेखा जांगड़े, जनपद पंचायत लोरमी अध्यक्ष वर्षा सिंह ठाकुर, नगर पालिका उपाध्यक्ष मुंगेली जयप्रकाश मिश्रा, नगर पालिका परिषद लोरमी अध्यक्ष सुजीत वर्मा, हुलसी वैष्णव, नरेश पटेल, रूपाली कश्यप, रजनी सोनवानी, अम्बालिका साहू, उमाशंकर साहू, डॉ. शिवकुमार बंजारा, पवन पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
