न्यायालय के आदेश के बावजूद किसान को नहीं मिला कब्जा, आम आदमी पार्टी ने प्रशासन पर उठाए सवाल

अभय न्यूज मुंगेली, 25 जून 2026,
आम आदमी पार्टी, मुंगेली ने कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बावजूद एक पीड़ित किसान को उसकी भूमि का वास्तविक कब्जा नहीं दिलाया जा रहा है। पार्टी ने मामले में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा किसान को तत्काल न्याय दिलाने की मांग की है।DocScanner 25-Jun-2026 4-51 pm (1)
ज्ञापन में बताया गया है कि सेतगंगा क्षेत्र के ग्राम छुईहा निवासी किसान रामकुमार एवं उनकी वृद्ध माता के पक्ष में नायब तहसीलदार मुंगेली-2 द्वारा भूमि का कब्जा दिलाने का आदेश जारी किया गया था। आदेश के पालन हेतु राजस्व निरीक्षक, पटवारी एवं माल जमादार को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए गए थे।
आम आदमी पार्टी का आरोप है कि निर्धारित तिथि पर सभी पक्ष उपस्थित होने के बावजूद राजस्व निरीक्षक द्वारा कार्रवाई नहीं की गई और मामले को टाल दिया गया। पार्टी का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से किसान को केवल तारीखें और आश्वासन मिल रहे हैं, जिससे वह मानसिक एवं आर्थिक रूप से परेशान है।
पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि
- पीड़ित किसान को तत्काल भूमि का वास्तविक कब्जा दिलाया जाए।
- न्यायालय के आदेश की अवहेलना करने वाले अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
- किसान को हुए आर्थिक नुकसान का आकलन कर उचित राहत प्रदान की जाए।
आम आदमी पार्टी जिला अध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि तीन कार्यदिवस के भीतर पीड़ित किसान को न्याय नहीं मिला तो पार्टी किसान के समर्थन में आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।