छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराजनीतीराज्य

आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय, लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष को भाजपा ने किया नमन

अभय न्यूज मुंगेली, 24 जून 2026

भारतीय जनता पार्टी जिला मुंगेली द्वारा आज आपातकाल की बरसी के अवसर पर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से जिला पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शैलेष पाठक, भाजपा प्रवक्ता मिट्ठूलाल यादव एवं कार्यालय प्रभारी कोतटूमल दादवानी उपस्थित रहे।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व में देश पर आपातकाल थोपा गया था, जिसे भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय माना जाता है। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन किया गया, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए गए तथा विपक्षी नेताओं एवं पत्रकारों को जेलों में डाल दिया गया।

उन्होंने बताया कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में लोकतंत्र की रक्षा के लिए व्यापक जनआंदोलन हुआ और लाखों लोगों ने संघर्ष करते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की। आपातकाल के दौरान मीडिया पर सेंसरशिप लगाई गई तथा असहमति के स्वर को दबाने का प्रयास किया गया।

प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शैलेष पाठक ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी को आपातकाल के इतिहास से अवगत कराना आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी सत्ता लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान की मर्यादाओं को चुनौती देने का दुस्साहस न कर सके। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि आपातकाल का स्मरण केवल इतिहास को याद करना नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के प्रति जनजागरण का माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से लोकतांत्रिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। प्रेस वार्ता के अंत में उपस्थित नेताओं ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले सभी लोकतंत्र सेनानियों को नमन करते हुए उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। यह जानकारी ज़िला मीडिया प्रभारी रामशरण यादव ने दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button