“हरियर बांकी,सुघघर बांकी अभियान को साकार कर रही होल्हाबाग समिति, 10 वर्षों से पौधारोपण और जल संरक्षण में जुटे ग्रामीण”

अभय न्यूज बांकी, मुंगेली,
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम बांकी में संचालित “हरियर बांकी – सुघघर बांकी” अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। ग्राम की होल्हाबाग समिति पिछले लगभग 10 वर्षों से पौधारोपण, जल संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। समिति के सदस्यों द्वारा गांव में हरियाली बढ़ाने और लोगों को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
समिति के अध्यक्ष पवन निर्मलकर ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण अभूतपूर्व संकट का सामना कर रहा है। बढ़ता प्रदूषण, वनों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों का अंधाधुंध दोहन पृथ्वी के प्राकृतिक संतुलन को प्रभावित कर रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप वैश्विक तापमान में वृद्धि, जल संकट तथा बाढ़, सूखा और चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रकृति का हर तत्व—पेड़, जल, वन्यजीव, नदी और पहाड़—जीवन की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। जब हम प्रकृति का संरक्षण करते हैं, तभी अपना भविष्य सुरक्षित कर सकते हैं। इसलिए सभी नागरिकों को प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर चलने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की आवश्यकता है।
होल्हाबाग समिति ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, जल स्रोतों को बचाने और वनों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। समिति का मानना है कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
संदेश:
“हरा रहेगा, तभी तो धरा रहेगा।” 🌱🌳🌍