छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेली

मुंगेली SSP भोजराम पटेल के कड़े तेवर: कानून-व्यवस्था पर ली मैराथन बैठक, बोले— विवेचना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, ठगी के पीड़ितों को वापस दिलाएं होल्ड राशि

अभय न्यूज मुंगेली,23 अक्टूबर 2026।

मुंगेली जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और लंबित मामलों के त्वरित निपटारे को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) भोजराम पटेल (IPS) द्वारा आज दिनांक 23.10.2026 को जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में कड़े तेवर दिखाते हुए एसएसपी ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी और विवेचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गुंडा-बदमाशों की नियमित चेकिंग और जिला बदर की कार्रवाई में तेजी के निर्देश

बैठक के दौरान एसएसपी भोजराम पटेल ने जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों पर नकेल कसने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित समन-वारंट की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने, निगरानी शुदा बदमाशों व गुंडों की नियमित जांच करने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने आदतन अपराधियों के विरुद्ध आवश्यकतानुसार जिला बदर की कार्रवाई करने और अधिक से अधिक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर बाउंड ओवर की प्रक्रिया पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।

महिला-बच्चों के मामलों में तत्काल FIR और गुमशुदा बच्चों की तलाश प्राथमिकता

एसएसपी ने महिला एवं बच्चों से संबंधित शिकायतों को अत्यंत संवेदनशीलता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में नियमानुसार तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही, जिले के गुम बालक-बालिकाओं की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए सभी प्रभारियों को पाबंद किया।

साइबर ठगी के शिकार पीड़ितों को वापस मिलेगी होल्ड राशि

ऑनलाइन ठगी के मामलों की गंभीर समीक्षा करते हुए एसएसपी ने एक बड़ी राहतकारी पहल के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी का शिकार हुए पीड़ितों से लगातार समन्वय स्थापित किया जाए। ठगों के खातों में जो राशि पुलिस द्वारा होल्ड कराई गई है, उसे एमआरएम (MRM) पोर्टल के माध्यम से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पीड़ितों को वापस दिलाने की कार्रवाई में तेजी लाई जाए। साथ ही विवेचना में लंबित ई-साक्ष्यों (E-Evidence) का त्वरित निराकरण करने को कहा गया।

नए कानूनों (BNS & BNSS) के तहत गुणवत्तापूर्ण  विवेचना पर पाठ

बैठक में नए आपराधिक कानूनों के अंतर्गत विवेचना की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से विशेष सत्र रखा गया। इसमें एडीपीओ जायिता सिंह द्वारा उपस्थित सभी थाना-चौकी प्रभारियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के नए प्रावधानों की विस्तृत और तकनीकी जानकारी दी गई, ताकि विवेचना त्रुटिहीन और मजबूत हो।

इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक  हरविंदर सिंह सहित जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button