छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्य

आदर्श कृषि उपज मंडी परिसर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत आज 60 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

गरीब परिवारों को बेटियों के विवाह की चिंता से मुक्ति मिली: केन्द्रीय राज्यमंत्री

अभय न्यूज मुंगेली,

जिला मुख्यालय स्थित आदर्श कृषि उपज मंडी परिसर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत परिवारजनों एवं गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में आज 60 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह संस्कार संपन्न कराए गए। सामूहिक विवाह कार्यक्रम के माध्यम से निर्धन एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह गरिमामय एवं सम्मानपूर्वक संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ कम करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का संचालन किया जा रहा है। इस योजना से समाज में समानता एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा मिल रहा है। इस योजना से जहां गरीब परिवारों को अपने बेटियों के विवाह की चिंता से मुक्ति मिली है, वहीं इस योजना के क्रियान्वयन से विवाह में होने वाले फिजूल खर्ची पर भी लगाम लगा है। उन्होंने नवदम्पत्तियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान की।

विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि शासन द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा है। महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना, लखपति दीदी सहित अनेक योजनाएं संचालित की जा रही है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी सहायता साबित हो रही है। उन्होंने नवदम्पत्तियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान की।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना शासन की महत्वाकांक्षी योजना है। यह योजना आर्थिक संबल के साथ दो परिवारों को जोड़ने का सशक्त माध्यम है। इस योजना के तहत पात्र जोड़ों का विवाह कराने पर गरीब परिवारों को आर्थिक रूप से बोझ नहीं पड़ता। उन्होंने नवविवाहित दंपत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए महतारी वंदन योजना, स्वरोजगार हेतु ऋण सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। डीपीओ श्रीमती संजुला शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में नवदम्पत्तियों को चेक व उपहार सामग्री प्रदान कर उनके सुखमय दाम्पत्य जीवन की कामना की गई। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button