Breaking Newsछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्य

नांदघाट से मुंगेली तक 36.40 किमी सड़क होगी फोरलेन, ₹21.81 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति, आधिकारिक परिपत्र जारी 

बेमेतरा-मुंगेली के बीच आवागमन होगा सुगम, व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

अभय न्यूज मुंगेली/बेमेतरा।

छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बेमेतरा जिले के नांदघाट से मुंगेली जिला मुख्यालय तक वर्तमान टू-लेन सड़क को फोरलेन में परिवर्तित किया जाएगा। राज्य शासन ने इस महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना के लिए 21 करोड़ 81 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद मंत्रालय से लोक निर्माण विभाग (PWD) के प्रमुख अभियंता को राशि स्वीकृति संबंधी आधिकारिक परिपत्र जारी किया गया है। स्वीकृत राशि से 36.40 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन बनाने का कार्य किया जाएगा।

  • आवागमन और व्यापार को मिलेगा लाभ

नांदघाट से मुंगेली जिला मुख्यालय को जोड़ने वाला यह मार्ग बेमेतरा और मुंगेली जिले के बीच महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। सड़क के फोरलेन बनने से दोनों जिलों के बीच आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित होने की उम्मीद है। साथ ही क्षेत्र में व्यापारिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

  • गुणवत्ता से समझौता नहीं—अरुण साव

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सड़क निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री और पूरे कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यदि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता की कमी या लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

  • समय-सीमा का करना होगा पालन

लोक निर्माण विभाग को निविदा प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने तथा निर्माण एजेंसी से कार्य तय समय में पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। बिना उचित कारण के कार्य की समय-सीमा बढ़ाने पर रोक रहेगी। अपरिहार्य परिस्थितियों में समय बढ़ाए जाने पर भी नियमानुसार अर्थदंड (Penalty) लगाया जा सकेगा।

विभाग ने प्राक्कलन तैयार करने और कार्य संपादन के दौरान अनावश्यक खर्च से बचते हुए मितव्ययिता बरतने के भी निर्देश दिए हैं।

परियोजना एक नजर में

मार्ग: नांदघाट (बेमेतरा) से मुंगेली जिला मुख्यालय

कुल लंबाई: 36.40 किलोमीटर

सड़क: टू-लेन से फोरलेन

स्वीकृत राशि: ₹21.81 करोड़

विभाग: लोक निर्माण विभाग (PWD), छत्तीसगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button