गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान एवं हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने की प्रेस वार्ता

अभय न्यूज मुंगेली, 28 जुलाई 2026।
भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 (गुरु रविदास जयंती) तक देशभर में “श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान” चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य श्री गुरु रविदास महाराज के समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। अभियान के तहत धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनसंपर्क आधारित विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल, नगर एवं ग्राम स्तर तक सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान संचालित किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष केशरवानी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाया जा रहा “हर घर तिरंगा” अभियान अब जन-आंदोलन का स्वरूप ले चुका है। इसी क्रम में इस वर्ष भी 11 अगस्त से 15 अगस्त तक जिलेभर में तिरंगा यात्राएं, घर-घर तिरंगा अभियान एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
उन्होंने जानकारी दी कि दोनों अभियानों के सफल संचालन के लिए जिला, मंडल एवं बूथ स्तर तक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है तथा कार्यकर्ताओं को आवश्यक दायित्व सौंपे जा रहे हैं। भाजपा का उद्देश्य सामाजिक समरसता को मजबूत करना तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।
प्रेस वार्ता के अंत में जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने जिलेवासियों से श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। यह जानकारी रामशरण यादव जिला मीडिया प्रभारी भारतीय जनता पार्टी, जिला मुंगेली द्वारा दी गई।
