दीर्घकालिक निष्ठावान सेवा के बाद नगर सैनिक व्यासनारायण जायसवाल को भावभीनी विदाई
सेवानिवृत्त नगर सैनिक को शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया सम्मानित

अभय न्यूज बिलासपुर/ मुंगेली। 31 अगस्त 26।
पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बिलासपुर रेंज में अपनी दीर्घकालिक, निष्ठावान एवं समर्पित सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो रहे नगर सैनिक क्रमांक 245 व्यासनारायण जायसवाल के सम्मान में सोमवार 31 अगस्त 2026 को गरिमामय एवं आत्मीय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज राम गोपाल गर्ग के गरिमामय सानिध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कार्यालय के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान आईजी राम गोपाल गर्ग ने व्यासनारायण जायसवाल के कुशल, समर्पित एवं अनुशासित सेवाकाल की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सेवानिवृत्त नगर सैनिक को सम्मानित किया तथा उनके सुखद, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।
39 वर्षों का अनुकरणीय सेवाकाल
नगर सैनिक क्रमांक 245 व्यासनारायण जायसवाल ने वर्ष 1987-88 में पुलिस विभाग एवं नगर सेना में अपनी सेवा प्रारंभ की थी। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने होमगार्ड लाइन सहित थाना तोरवा, बांगो, पामगढ़, उरगा, पाली एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर निष्ठापूर्वक सेवाएं प्रदान कीं।
वर्ष 2002 से वे निरंतर पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, बिलासपुर में पदस्थ रहे और लगभग 24 वर्षों तक अपने पदीय दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। उनके लंबे सेवाकाल में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी उनकी प्रमुख पहचान रही।
आपदा प्रबंधन से लेकर चुनावी सुरक्षा तक निभाई अहम जिम्मेदारी
उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। ओडिशा के भुवनेश्वर में आए विनाशकारी चक्रवात एवं भीषण बाढ़ के दौरान उन्होंने बचाव दल के सदस्य के रूप में साहसिक एवं सराहनीय कार्य किया। इसके अलावा मध्य प्रदेश के गुना जिले में चुनावी व्यवस्था एवं सुरक्षा दल में भी उन्होंने उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान कीं।
आईजी ने की सेवाओं की सराहना
अपने संबोधन में पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने कहा कि व्यासनारायण जायसवाल ने वर्ष 2002 से निरंतर बिलासपुर रेंज कार्यालय में पदस्थ रहकर पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है। उनका सेवाभाव और अनुशासन अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
विदाई समारोह के दौरान नगर सैनिक व्यासनारायण जायसवाल भावुक नजर आए। उन्होंने अपने सम्मान में आयोजित इस गरिमामय समारोह के लिए पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग एवं समस्त सहकर्मियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
समारोह के उपरांत आईजी राम गोपाल गर्ग ने स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके सेवाओं को पुनः सराहा और उनके आगामी जीवन, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद सेवानिवृत्त नगर सैनिक व्यासनारायण जायसवाल को ससम्मान विशेष रूप से सुसज्जित वाहन से उनके निवास के लिए रवाना किया गया।
कार्यक्रम का सफल एवं सुचारू संचालन शंकर कश्यप ने किया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में पदस्थ समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने साथी नगर सैनिक को भावभीनी विदाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और सम्मानपूर्ण सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।


