त्रिनयन ऐप से खुलासा: लोरमी पुलिस ने पकड़े बाइक चोर, तीन चोरी की वारदातों का किया पर्दाफाश

अभय न्यूज मुंगेली/लोरमी।30 अगस्त 26।
लोरमी थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, वहीं एक अन्य आरोपी से किराना दुकान से चोरी किया गया सामान एवं नकदी भी जब्त की गई है। चोरी के मामलों का खुलासा छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘त्रिनयन ऐप’ और सीसीटीवी फुटेज की मदद से किया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी विक्की साहू निवासी डोगरीपारा लोरमी ने 29 अगस्त 2026 को थाना लोरमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पुरानी इस्तेमाल की गई टीवीएस अपाचे आरटीआर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 10 बीवाय 2523, जिसकी कीमत लगभग 70 हजार रुपये है, को अज्ञात चोर ने 27 अगस्त की दरम्यानी रात घर के सामने से चोरी कर लिया।
इसी प्रकार इरफान बेग निवासी डोगरीपारा लोरमी ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 10 एक्यू 9748, कीमत लगभग 25 हजार रुपये, को अज्ञात व्यक्ति ने 27 अगस्त की रात चोरी कर लिया। पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
वहीं थाना लोरमी क्षेत्र के बाजारपारा स्थित कन्या स्कूल के पास राजू यादव की किराना दुकान से 13 अगस्त की रात अज्ञात चोर ने नगदी, तेल का टीन, निरमा एवं अन्य सामान सहित लगभग 8 हजार 500 रुपये की चोरी की थी। इस मामले में भी पुलिस ने 29 अगस्त को अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंगेली जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने चोरी के आरोपियों की शीघ्र पतासाजी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला एवं उप पुलिस अधीक्षक माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में थाना लोरमी पुलिस की टीम को आरोपियों एवं चोरी गई संपत्ति की तलाश में लगाया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर सूचना एवं तकनीकी सहायता के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘त्रिनयन ऐप’ का उपयोग करते हुए सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में घटनास्थल के आसपास कबाड़ी सामान खरीदने-बेचने वाले एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां दिखाई दीं। पहचान के बाद संदिग्ध की पहचान मोहम्मद रफीक निवासी देवारपारा लोरमी के रूप में हुई।
पुलिस ने मोहम्मद रफीक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपने साथी धनीराम मार्को निवासी दुल्लापुर, थाना चिल्फी के साथ मिलकर 27 अगस्त की रात डोगरीपारा लोरमी से दो मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। साथ ही थाना कोटा क्षेत्र से एक होंडा एक्स-ब्लेड मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी स्वीकार की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से टीवीएस अपाचे आरटीआर क्रमांक सीजी 10 बीवाय 2523, पैशन प्रो क्रमांक सीजी 10 एक्यू 9748 तथा एक बिना नंबर की होंडा एक्स-ब्लेड मोटरसाइकिल बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद रफीक पिता दिलदार खान, उम्र 40 वर्ष, निवासी देवारपारा लोरमी एवं धनीराम मार्को पिता शिवचरण, उम्र 27 वर्ष, निवासी दुल्लापुर, थाना चिल्फी शामिल हैं। दोनों को 29 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इसी तरह बाजारपारा स्थित किराना दुकान में हुई चोरी के मामले में भी पुलिस ने ‘त्रिनयन ऐप’ की मदद से सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में अमर देवार निवासी देवारपारा लोरमी चोरी की घटना में संलिप्त पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी अमर देवार पिता लक्ष्मण देवार, उम्र 22 वर्ष, निवासी देवारपारा लोरमी के कब्जे से एक तेल का टीन, जिसमें लगभग दो लीटर तेल भरा हुआ था, तथा 300 रुपये नकद जब्त किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, प्रधान आरक्षक दयाल गवास्कर, लिलक साहू, आरक्षक राजू साहू, रेखराम नेताम, हेमसिंह ध्रुव, ईश्वर मरावी, सुशांत पाण्डेय, युगल किशोर, सैनिक कुलदीप सिंह एवं दिलीप राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

