करियरछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्यशिक्षा

मुंगेली की अंजली शर्मा को ‘विद्या वाचस्पति सारस्वत सम्मान’ से नवाजा, नई दिल्ली में मिली मानद डॉक्टरेट उपाधि

अभय न्यूज मुंगेली।

मुंगेली जिले के कोलेगांव निवासी केदार शर्मा की सुपुत्री सुश्री अंजली शर्मा को योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘विद्या वाचस्पति सारस्वत सम्मान’ (मानद पीएचडी समतुल्य उपाधि) से सम्मानित किया गया। यह सम्मान 26 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय हिन्दी संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह के दौरान प्रदान किया गया।

पं. दीनदयाल उपाध्याय हिन्दी विद्यापीठ, वृन्दावन धाम (मथुरा) द्वारा राजधानी नई दिल्ली के रेडिसन ब्लू होटल में आयोजित इस भव्य समारोह में देशभर से आए शिक्षाविदों, साहित्यकारों, चिकित्सकों, योग विशेषज्ञों एवं समाजसेवियों को उनके विशिष्ट योगदान के लिए मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

अंजली शर्मा को योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य तथा विद्यापीठ की अनुशंसा के आधार पर ‘विद्या वाचस्पति सारस्वत सम्मान’ प्रदान किया गया, जिसे मानद पीएचडी के समकक्ष उपाधि माना जाता है।

समारोह के मुख्य अतिथि रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी के पूर्व कुलपति पद्मश्री डॉ. अरविन्द कुमार रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यापीठ के कुलपति डॉ. इंदुभूषण मिश्र ‘देवेन्दु’ ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. हरिभाई आर्यन एवं डॉ. नरेंद्र सिंह तोमर तथा मुख्य वक्ता के रूप में शिक्षाविद एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. श्रुतिकीर्ति सिंह उपस्थित रहीं।

अपने संबोधन में पद्मश्री डॉ. अरविन्द कुमार ने हिन्दी भाषा के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिन्दी को राष्ट्रभाषा का दर्जा दिए जाने की दिशा में निरंतर प्रयास होने चाहिए। वहीं कुलपति डॉ. इंदुभूषण मिश्र ने बताया कि विद्यापीठ द्वारा हिन्दी, शिक्षा, चिकित्सा सेवा, योग, पर्यावरण, विधि सहायता एवं समाजसेवा जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सारस्वत सम्मान प्रदान किया जाता है।

मुख्य वक्ता डॉ. श्रुतिकीर्ति सिंह ने युवाओं से हिन्दी भाषा के अधिकाधिक प्रयोग तथा स्वस्थ जीवन के लिए योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन कशिश चावला ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button