छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराजनीतीराज्य

समरसता और राष्ट्रभावना के साथ घर-घर पहुंचेगी भाजपा, जिला कार्यशाला में आगामी अभियानों की बनी रणनीति

अभय न्यूज मुंगेली,

भारतीय जनता पार्टी द्वारा समरसता संकल्प अभियान, गुरु पर्व एवं घर-घर तिरंगा यात्रा के सफल संचालन को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में आगामी संगठनात्मक एवं राष्ट्रव्यापी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं पूर्व विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा निर्धारित सभी कार्यक्रम समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हों, इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने तथा इसकी सहभागिता का विवरण सरल एप पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने का आह्वान किया।

डॉ. बांधी ने बताया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रत्येक मंडल में पांच स्थानों पर गुरु पूजन एवं पूजा-अर्चना का आयोजन किया जाएगा। वहीं 11 से 14 अगस्त तक घर-घर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान गांव, वार्ड, नगर एवं प्रमुख मार्गों पर राष्ट्रध्वज के माध्यम से देशभक्ति का वातावरण तैयार किया जाएगा और अधिक से अधिक नागरिकों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि गुरुपर्व कार्यक्रम का शुभारंभ वाराणसी से होगा। प्रदेश स्तर से पवित्र कलश प्रत्येक जिले में पहुंचेगा, जिसके बाद सभी 11 मंडलों तक कलश यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कलश यात्रा के लिए अलग-अलग टीमों के गठन, स्वच्छ एवं गरिमामय विश्राम स्थलों की व्यवस्था तथा गोष्ठी, प्रबुद्धजन बैठक एवं धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन पर जोर दिया।

अपने संबोधन में डॉ. बांधी ने कहा कि सनातन संस्कृति का मूल सिद्धांत है कि कण-कण में ईश्वर का वास है। सभी प्राणियों में ईश्वर का अंश मानकर समान भाव रखना ही भारतीय संस्कृति की पहचान है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यपद्धति प्रेम, सेवा, समर्पण, उदारता और सामाजिक समरसता पर आधारित है तथा कार्यकर्ताओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर समरसता को मजबूत करना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के सम्मान में उनके नाम पर स्मारक सिक्का जारी कर रही है, जो संतों एवं महापुरुषों की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि आगामी सभी अभियान संगठन की प्रतिष्ठा से जुड़े हुए हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और जिम्मेदारी के साथ इन कार्यक्रमों को सफल बनाए तथा संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करे।कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, लोरमी जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वर्षा विक्रम सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेंद्र शर्मा, शैलेष पाठक, मानिक सोनवानी, जिला पंचायत सदस्य रजनी मानिक सोनवानी, श्रीमती शीलू साहू एवं लोकनाथ सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संगठनात्मक विषयों पर अपने विचार रखे और सामाजिक समरसता, सेवा एवं राष्ट्रहित के भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला, मंडल, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा घर-घर संपर्क, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button