छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कधर्ममुंगेलीराज्यशिक्षा

मुंगेली में भव्य जन्माष्टमी महोत्सव: शोभायात्रा और श्रीकृष्ण सजाओ प्रतियोगिता ने मोहा मन, केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने दिया कर्मयोग का संदेश

भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, शोभायात्रा के बाद श्रीकृष्ण सजाओ प्रतियोगिता और सम्मान समारोह

अभय न्यूज मुंगेली।08 सितंबर 26।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मुंगेली में भव्य जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शोभायात्रा से हुई। इसके बाद ‘श्रीकृष्ण सजाओ प्रतियोगिता’ आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के उपरांत उत्कृष्ट प्रतिभागियों एवं समाज के विशिष्टजनों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके आदर्शों को वर्तमान समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

केंद्रीय राज्यमंत्री साहू ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन केवल उत्सव और आनंद का प्रतीक नहीं, बल्कि संघर्ष, धैर्य, साहस और अधर्म पर धर्म की विजय की अमर गाथा है। उनका जन्म राजमहल में नहीं, बल्कि कारागार की अंधेरी कोठरी में हुआ। जन्म के साथ ही अनेक संकटों ने उन्हें घेर लिया, लेकिन हर विपरीत परिस्थिति का सामना करते हुए वे और अधिक तेजस्वी बनकर सामने आए। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन यह संदेश देता है कि चुनौतियां कितनी भी विकट क्यों न हों, यदि संकल्प दृढ़ हो तो कोई भी शक्ति व्यक्ति को उसके मार्ग से विचलित नहीं कर सकती।उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का व्यक्तित्व प्रेम, करुणा और समरसता के साथ-साथ अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का भी प्रतीक है। उनकी बांसुरी प्रेम और सद्भाव का संदेश देती है, तो सुदर्शन चक्र धर्म की रक्षा और अधर्म के विनाश का प्रतीक है। महाभारत के युद्ध में भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं अस्त्र न उठाकर अर्जुन का सारथी बनना स्वीकार किया और कुरुक्षेत्र में श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से निष्काम कर्मयोग का अमर संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सत्य और न्याय के पक्ष में दृढ़ता से खड़ा होना ही मनुष्य का सर्वोच्च कर्तव्य है।वक्ताओं ने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व केवल उत्सव मनाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के विचारों और आदर्शों को जीवन में उतारने का अवसर भी होना चाहिए। उनके जीवन से निर्भीकता, कुशल नेतृत्व, कर्मयोग, प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समाजजनों और श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के नीति, नेतृत्व, धर्म एवं ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही भगवान श्रीकृष्ण से क्षेत्र और देश में सुख-समृद्धि तथा भारत को विकसित, समर्थ और संस्कारवान राष्ट्र बनाने के प्रयासों को गति देने की प्रार्थना की गई।कार्यक्रम में मुंगेली के वरिष्ठ विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, भाजपा अध्यक्ष दीनानाथ केसरवानी, जनपद अध्यक्ष रामकमल परिहार, नगर पालिका उपाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्रा,जिला पंचायत के पूर्व सदस्य शीलू साहू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य उर्मिला रमेश यादव, शैलेन्द्र पाठक सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, यादव समाज के वरिष्ठजन, गोटिया, देवान, आयोजनकर्ता एवं बड़ी संख्या में सामाजिकजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button