टेमरी स्कूल में कृष्ण जन्माष्टमी की धूम, फैंसी ड्रेस से लेकर मटकी-बांसुरी सजाओ प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया हुनर

अभय न्यूज मुंगेली। 03 सितंबर 26।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टेमरी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के एक दिन पूर्व विद्यालय में विविध रचनात्मक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, मटकी सजाओ एवं बांसुरी सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने श्रीकृष्ण एवं राधा के मनमोहक रूप धारण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक ढंग से मटकी एवं बांसुरी सजाई।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दी गईं। गीत, नृत्य एवं कृष्ण जन्माष्टमी से जुड़े कार्यक्रमों ने आयोजन को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया। बच्चों की सक्रिय सहभागिता और उत्साह ने पूरे विद्यालय परिसर को कृष्णमय कर दिया।
इस अवसर पर उपस्थित संकुल समन्वयक निर्मल मानिकपुरी ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका शालिनी राठौर एवं शिक्षक प्रेमदास वैष्णव ने किया। कार्यक्रम में प्रधान पाठक उमेश कुमार पांडे, सबीरुद्दीन शेख, लता बंजारा, अब्दुल रज्जाक खान एवं आशीष सिंह ठाकुर सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

