छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कमुंगेलीराज्य

जनदर्शन में गूंजीं जनता की समस्याएं: पेंशन, आवास, पेयजल व भूमि विवादों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

एडीएम निष्ठा पाण्डेय तिवारी बोलीं— जनदर्शन प्रशासन और जनता के बीच प्रभावी संवाद का मंच, समयबद्ध निराकरण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता

अभय न्यूज मुंगेली। 21 जुलाई 2026।

कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला कलेक्टोरेट परिसर में साप्ताहिक जनदर्शन का आयोजन किया गया। जनदर्शन में जिले के दूर-दराज के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं विभिन्न मांगों से संबंधित आवेदन प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे ने संयुक्त रूप से आमजनों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने उपस्थित जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।

जनदर्शन के दौरान एडीएम निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने कहा कि जनदर्शन प्रशासन और जनता के बीच संवाद का एक प्रभावी मंच है। शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ बिना किसी विलंब के मिल सके।

जनदर्शन में पहुंचे प्रमुख आवेदन

जनदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन, सार्वजनिक शौचालय, पेयजल व्यवस्था, भूमि सीमांकन एवं भूमि रकबा संशोधन सहित विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

  • ग्राम केशरूवाडीह के दुलकुंवर सिंह ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं राशन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।
  • ग्राम मोहभट्ठा के ग्रामीणों ने सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग रखी।
  • ग्राम अमलीडीह के टेकराम साहू ने भूमि रकबे में संशोधन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
  • ग्राम हेड़सपुर के शंकर सिंह मरकाम ने प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम जोड़ने का अनुरोध किया।
  • ग्राम हेड़सपुर की श्रीमती मीना जांगड़े ने वार्ड क्रमांक-11 में पेयजल संकट के शीघ्र समाधान की मांग की।
  • ग्राम उदका के लखनलाल कुर्रे ने अपनी भूमि का नियमानुसार सीमांकन कराने हेतु आवेदन सौंपा।

जनदर्शन के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा तत्काल परीक्षण प्रारंभ कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा, तहसीलदार कुणाल पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को संबंधित प्रकरणों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button