विकास के दावों के बीच मुंगेली-पंडरिया मार्ग बना ‘मौत का गड्ढा’: सड़क की बदहाली देख खौल उठा लोगों का खून
क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रहा है?

अभय न्यूज मुंगेली,
विकास के दावों के बीच मुंगेली जिले की एक प्रमुख सड़क अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। पंडरिया रोड की स्थिति वर्तमान में इतनी बदतर हो चुकी है कि इसे सड़क कहें या ‘गड्ढों का तालाब‘, यह समझ पाना मुश्किल है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ताजा वीडियो ने लोक निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन के दावों की पोल खोल दी है।
सफर नहीं, सजा है इस मार्ग पर चलना
पंडरिया मार्ग पर कदम-कदम पर जानलेवा गड्ढे उभर आए हैं। सड़क के बीचों-बीच दो से तीन फीट तक गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश और कीचड़ का पानी भरा होने के कारण वाहन चालकों को इनकी गहराई का अंदाज़ा नहीं मिल पाता। दोपहिया वाहन चालक आए दिन इन गड्ढों का शिकार होकर चोटिल हो रहे हैं। भारी वाहनों के गुजरने के दौरान उड़ती धूल और कीचड़ ने राहगीरों का जीना मुहाल कर दिया है।
प्रशासनिक उदासीनता की इंतहा
हैरानी की बात यह है कि यह मार्ग क्षेत्र की जीवनरेखा माना जाता है, बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी इस ओर आंखें मूंदे बैठे हैं। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी केवल ‘पैच वर्क’ के नाम पर खानापूर्ति की जाती है, जो पहली बारिश में ही बह जाता है।
व्यापार और स्वास्थ्य पर पड़ रहा बुरा असर
सड़क की खराब हालत के कारण न केवल आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि धूल के गुबार से आस-पास के दुकानदारों और रहवासियों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है। आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस का इस मार्ग से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है।
“क्या प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी के बाद ही जागेगा? यह सड़क अब चलने लायक नहीं बची है।”
