मुंगेली में यातायात व्यवस्था को लेकर अहम फैसले, भारी वाहनों के प्रवेश पर रहेगा प्रतिबंध
सीसीटीवी कैमरों का न्यूनतम 10 दिन का बैकअप रखने के निर्देश, यातायात नियमों के पालन पर दिया जोर

अभय न्यूज मुंगेली। 02 सित.26।
शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में बुधवार को यातायात शाखा मुंगेली में व्यवसायियों, वाहन चालक संघ एवं ऑटो संघ के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुंगेली चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष राजकुमार बावधा, ड्राइवर संघ अध्यक्ष महेश जायसवाल, ऑटो संघ अध्यक्ष गज्जू पात्रे, बस यूनियन के सदस्य सहित यातायात शाखा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने, आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा देने, व्यवस्थित पार्किंग, सीसीटीवी बैकअप तथा यातायात नियमों के पालन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सर्वसम्मति से तय किया गया कि शहर के सभी दुकानदार अपनी दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों का न्यूनतम 10 दिनों का बैकअप सुरक्षित रखेंगे तथा कैमरों की दिशा इस प्रकार रखेंगे कि सड़क एवं दुकान के आसपास की गतिविधियां स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो सकें। वाहन चालकों को यातायात नियमों एवं यातायात संकेतों का पालन करने की हिदायत दी गई।
भारी वाहनों के प्रवेश पर रहेगा प्रतिबंध
बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर में प्रातः 10 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। दुकानदारों को अपनी दुकानों के सामने निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क करने तथा यातायात बाधित नहीं करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित स्थान के बाहर यात्री वाहन खड़ा करने, बसों में निर्धारित स्थान से अधिक यात्रियों को बैठाने तथा मालवाहनों में यात्रियों को बैठाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा अभिभावकों को नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए नहीं देने की समझाइश भी दी गई।
साइबर जागरूकता अभियान के तहत लोगों को किया जागरूक
बैठक के दौरान “साइबर जागरूकता अभियान” के तहत व्यवसायियों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। लोगों को साइबर ठगी से सतर्क रहने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा साइबर अपराध होने पर तत्काल शिकायत करने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान “मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं” संदेश वाली सेल्फी स्टैंड के माध्यम से भी साइबर अपराध के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
व्यवसायियों ने दिए यातायात सुधार के सुझाव
बैठक में व्यवसायियों ने शहर की यातायात एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई सुझाव भी रखे। इनमें चौक-चौराहों पर बैठे गाय-बछड़ों को हटाने की व्यवस्था, ऑटो चालकों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल, जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने सड़क पर बंद पड़ी प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने, दाऊपारा चौक के पास यात्री प्रतीक्षालय बनाने तथा हाथ ठेला एवं फेरी वालों के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित करने जैसे सुझाव प्रमुख रहे।
कार्यक्रम में उप निरीक्षक संतोष शर्मा (प्रभारी, यातायात मुंगेली) सहित यातायात शाखा के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं व्यवसायी उपस्थित रहे।
