परिवार सम्मेलन में गूंजा बांस गीत, डॉ. सोमनाथ बोले— यह सिर्फ लोकविधा नहीं, संयुक्त परिवार की जीवंत पहचान
फगनी देवी–चमनलाल यादव स्मृति सेवा संस्थान के आयोजन में संस्कृति, संस्कार और पारिवारिक एकता का दिखा अनुपम संगम

अभय न्यूज मुंगेली। 21 जुलाई 2026।
फगनी देवी–चमनलाल यादव स्मृति सेवा संस्थान, बिलासपुर द्वारा आयोजित परिवार सम्मेलन समारोह में बांस गीत की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष डॉ. सोमनाथ यादव ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि “बांस गीत केवल एक लोकविधा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा में संयुक्त परिवार के मूर्त स्वरूप की जीवंत मिसाल है।”
उन्होंने कहा कि अलग-अलग शहरों में रह रहे परिवार के सदस्यों को एक मंच पर लाकर रिश्तों को मजबूत करना तथा नई पीढ़ी को पारिवारिक विरासत, संस्कृति और संस्कारों से जोड़ना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में मुंगेली अंचल के प्रसिद्ध बांस गीत कलाकारों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इनमें धरमपुरा के गायक शिवरात यादव, कुंआगांव के बांस वादक देवारी यादव, भुण्डा ठेही के गेंदराम यादव, कोंड़ासर के बांस वादक दल्लू यादव, कुंआगांव के रागी शिवकुमार यादव सहित अन्य कलाकार शामिल रहे।
समारोह में पद्मश्री सम्मानित श्रीमती फूलबासन यादव, रामचंद्र यादव (सरगुजा), शंकर यादव (सूरजपुर), उत्तर यादव (प्रांत प्रमुख, कृषक कार्य, कवर्धा), बिलासा कला मंच के अध्यक्ष महेश श्रीवास, डॉ. सुधाकर भिड़े, यश मिश्रा, अश्वनी पांडे, एमडी मानिकपुरी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का सफल आयोजन संस्थान के अध्यक्ष डॉ. सोमनाथ यादव के विशेष प्रयासों एवं सुविचारित कार्ययोजना के तहत संपन्न हुआ। संस्थान के सचिव सतीश यादव ने आयोजन की व्यवस्थाओं का संचालन किया, जबकि मंच संचालन संतोष कुमार यादव (दाऊपारा, मुंगेली) ने किया।
सम्मेलन में शशि यादव, श्रेया यादव, विनायक यादव सहित लगभग 200 महिलाओं एवं 200 पुरुषों ने सहभागिता की। पारिवारिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और लोककला के संवर्धन को समर्पित इस अनूठे आयोजन को उपस्थित जनसमुदाय का भरपूर स्नेह और सराहना मिली।
