मुंगेली में खौफनाक अंधा कत्ल: दूसरे युवक से बात करने की शंका पर प्रेमी ने दीवार फांदकर दबाया नाबालिग का गला

शव को बिस्तर पर सुलाकर रचने लगा हार्ट अटैक की कहानी; 2 गिरफ्तार
अभय न्यूज मुंगेली/नेवासपुर,23 अक्टूबर 2026।
मुंगेली जिले के थाना सिटी कोतवाली अंतर्गत ग्राम नेवासपुर में हुई 17 वर्षीय नाबालिग बालिका की संदिग्ध मौत के मामले को पुलिस ने महज 72 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) भोजराम पटेल (IPS) के सख्त निर्देश और त्वरित एक्शन प्लान के बाद कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अंधे कत्ल की इस गुत्थी को सुलझाते हुए मुख्य आरोपी प्रेमी और हत्या में सहयोग करने वाले उसके साथी को धर दबोचा है।

इलाके में सनसनी: किसी और से बात करने की शंका पर ली जान
पुलिस की कड़ी पूछताछ में मुख्य आरोपी अजीत घृतलहरे ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी ने बताया कि वर्ष 2021 से उसका मृतिका के साथ प्रेम संबंध था और दोनों परिवारों में शादी की बात भी चल रही थी। इसी बीच करीब एक साल पहले आरोपी को शंका हुई कि नाबालिग किसी अन्य युवक से भी बातचीत करती है, जिसे लेकर दोनों के बीच फोन पर विवाद हुआ था और आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।
हैदराबाद से लौटते ही रची हत्या की खौफनाक साजिश
आरोपी 16 अक्टूबर को हैदराबाद से अपने गांव लिलवाकापा लौटा और अपने साथी साहिल खाण्डे को पूरी बात बताई। इसके बाद 19 अक्टूबर 2026 की रात दोनों मोटरसाइकिल से ग्राम नेवासपुर पहुंचे। अजीत ने अपने साथी साहिल को बाहर नजर रखने (रेकी करने) के लिए खड़ा कर दिया और स्वयं घर की दीवार फांदकर अंदर घुस गया। अंदर नाबालिग को फोन पर बात करते देख आरोपी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। दोनों के बीच हाथापाई हुई और वे पास के एक निर्माणाधीन कमरे में गिर गए। वहां आरोपी अजीत ने दोनों हाथों से नाबालिग का गला तब तक दबाए रखा जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं।
मर्डर को हार्ट अटैक दिखाने की थी कोशिश, हत्या के बाद गए देवी दर्शन करने
वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर आरोपी ने शव को उठाकर दूसरे कमरे के बिस्तर पर लिटा दिया, ताकि परिजनों को लगे कि लड़की की मौत सामान्य रूप से या हार्ट अटैक से हुई है। इसके बाद आरोपी ने बाहर आकर अपने साथी साहिल को बताया कि उसने काम तमाम कर दिया है। इसके बाद दोनों आरोपी बेखौफ होकर नेवारीगुड़ा (कवर्धा) देवी दर्शन करने चले गए और रात ढाई बजे वापस आकर सो गए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज, आरोपी पहुंचे जेल
20 अक्टूबर की रात जब परिजनों ने बालिका को बिस्तर पर अचेत पाया और उसके गले व शरीर पर खरोंच के निशान देखे, तो पुलिस को सूचना दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने साफ किया कि मृतिका की मौत गला घोंटने और दम घुटने के कारण हुई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या), 238 (साक्ष्य छिपाना) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपी:
1. अजीत घृतलहरे (मुख्य आरोपी, उम्र 22 वर्ष)
2. साहिल खाण्डे (सहयोगी, उम्र 20 वर्ष) – दोनों निवासी ग्राम लिलवाकापा, मुंगेली।
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त होंडा लियो मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 28 J 7143) को भी जब्त कर लिया है और दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने में निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव (प्रभारी थाना सिटी कोतवाली), उपनिरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी (प्रभारी साइबर सेल), प्रउप निरी. नवीन जांगड़े, सहायक उपनिरीक्षक ईश्वर राजपूत, प्रधान आरक्षक नोखे लाल कुर्रे, नरेश यादव, यशवंत डाहिरे, दिलीप साहू, तारे कश्यप, आरक्षक भेषज पाण्डेकर, हेमसिंह ठाकुर, राहुल यादव, राहुल कश्यप, अतुल ठाकुर, राकेश बंजारे, परमेश्वर जांगड़े एवं रामकिशोर कश्यप, अरूण साहू, योगेश यादव, नोहर डडसेना, विकास ठाकुर, अजय चन्द्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
