भारत रत्न डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती पर कलेक्टर ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर लिया सामाजिक समरसता का संकल्प

अभय न्यूज मुंगेली,
भारत रत्न डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आज मुंगेली कलेक्टोरेट स्थित उद्यानिकी विभाग के कार्यालय परिसर में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर कुन्दन कुमार ने डॉ.अंबेडकर की प्रतिमा पर तिलक लगाकर एवं माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा उनके महान योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। उन्होंने अपने विचारों और कार्यों के माध्यम से समाज के वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने का कार्य किया और देश को एक सशक्त एवं समतामूलक दिशा प्रदान की। कलेक्टर ने कहा कि डॉ. अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान हमें समान अधिकार, स्वतंत्रता और न्याय की गारंटी देता है, इसलिए उनके आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाना अत्यंत आवश्यक है।
आगे उन्होंने कहा कि समाज में समरसता, भाईचारा और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। डॉ. अंबेडकर के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही हम एक सशक्त, समावेशी और विकसित समाज का निर्माण कर सकते हैं। इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पांडे तिवारी, सीएमओ मुंगेली होरी सिंह, तहसीलदार कुनाल पांडे, अतिरिक्त तहसीलदार चंद्रकांत राही सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सभी ने डॉ.अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा डॉ. अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में समानता, न्याय और बंधुत्व के मूल्यों को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
